पूरा देश इन दिनों भीषण बारिश की चपेट में है। पहाड़ी क्षेत्र हो या फिर मैदानी। हर जगह मूसलाधार बारिश हो रही है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण काफी नुकसान हो रहा है। शनिवार को मूसलाधार बारिश की वजह से उत्तराखंड के चमोली में कई जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आईं। बद्रीनाथ नेशनल हाइवे पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। बड़ी संख्या में लोग फंस गए। हिमाचल में लैंडस्लाइड और बाढ़ से 135 सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने आज (11 अगस्त 2024) देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का लर्ट जारी किया है।
इन 22 राज्यों में केंद्र शासित प्रदेश भी शामिल हैं। कुछ राज्यों में येलो अलर्ट तो कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली समेत कई राज्य बारिश की चपेट में हैं। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड की वजह से कमेडा, नंदप्रयाग और चिंका में पहाड़ से काफी अधिक मलबा गिरा है। जिससे हाइवे बंद हो गया। मलबा हटाया जा रहा है। चारधाम यात्री भी लैंडस्लाइड के कारण फंसे हुए हैं।
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से रोजाना शाम को बारिश हो रही है। बारिश की वजह से दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (11 अगस्त) आज भी दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की उम्मीद जताई गई है।
हिमाचल में भारी बारिश से काफी नुकसान
शनिवार को हिमाचल के शिमला, धर्मशाला, बिलासपुर और हमीरपुर में भारी बारिश हुई। लैंडस्लाइड और बाढ़ की वजह से नाहन के अमरपुर मोहल्ले के घरों और दुकानों में बारिश का पानी भर गया। कालका-शिमला, रामपुर-किन्नौर और पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे 18 घंटे तक प्रभावित रहे। साथ ही 135 सड़कें, 56 पेयजल योजनाएं और 24 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़ गए हैं।
यूपी में अगले 6 दिनों तक जमकर बारिश
उत्तर प्रदेश में भी पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। इस बीच मौसम ने अगले 6 दिन का अनुमान जारी कर दिया है। इसमें 60 जिलों में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अम्बेडकर नगर, बस्ती, अयोध्या, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ़ और मथुरा में बारिश की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, गोवा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, बिहार और असम सहित पूर्वी सभी सातों राज्यों के लिए रविवार को ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।