नवंबर के महीने में भी उत्तर भारत के कई राज्यों के तापमान में अभी भी ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिल रही है। इसकी वजह से लोगों को नवंबर के महीने में भी ठंड का अहसास नहीं हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने 12 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में पिछले कुछ समय से बारिश हो रही है। इधर रात भर हुई लगातार बारिश के कारण, प्रशासन ने मंगलवार को तमिलनाडु के चेन्नई में स्कूल की छुट्टी घोषित कर दी है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के मुताबिक, शुक्रवार तक चेन्नई और आसपास के जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (12 नवंबर 2024) चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरुर, पुदुक्कोट्टई, रामनाथपुरम, विल्लुपुरम जिलों, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
शुक्रवार तक भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें 12 नवंबर को 12 जिलों में, 13 नवंबर को 17 जिलों में, 14 नवंबर को 27 जिलों में और 15 नवंबर को 25 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपेट और तिरुवल्लूर समेत कई जिलों में शुक्रवार तक 24 घंटे की अवधि में अलग-अलग स्थानों पर 6 सेमी से 12 सेमी के बीच भारी वर्षा हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में तमिलनाडु या श्रीलंका की ओर बढ़ने की संभावना है।
चेन्नई में कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि अगले 48 घंटों में शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और बिजली चमक सकती है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।