VIDEO: हनुमान जी की मूर्ति के सामने बिकिनी में महिला बॉडी बिल्डर्स के पोज देने पर बवाल, आमने-सामने आए कांग्रेस और BJP

मध्य प्रदेश के रतलाम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा आयोजित बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने 'गंगाजल' छिड़का। इस स्थान पर महिला बॉडी बिल्डर ने स्पर्धा में मंच पर भगवान हनुमान की तस्वीर के सामने पोज दिए थे। रतलाम में 13वीं मिस्टर जूनियर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता चार और पांच मार्च को आयोजित की गई थी, जिसमें महिला बॉडी बिल्डर ने बिकिनी में हनुमान जी की तस्वीर के सामने पोज दी

अपडेटेड Mar 07, 2023 पर 10:41 AM
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें हनुमान जी के सामने महिला बॉडी बिल्डर को पोज देते हुए दिखाया गया

मध्य प्रदेश के रतलाम (Madhya Pradesh Ratlam) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा आयोजित बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने गंगाजल छिड़का। इस स्थान पर महिला बॉडी बिल्डर ने स्पर्धा में मंच पर भगवान हनुमान की तस्वीर के सामने पोज दिए थे। रतलाम में 13वीं मिस्टर जूनियर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता (13th Mister Junior Bodybuilding Competition) चार और पांच मार्च को आयोजित की गई थी, जिसमें महिला बॉडी बिल्डर ने बिकिनी में हनुमान जी की तस्वीर के सामने पोज दी।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि इसके बाद स्थानीय पार्टी नेताओं ने कार्यक्रम स्थल के शुद्धिकरण के तहत गंगा जल छिड़का और ‘हनुमान चालीसा’ का पाठ किया। कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र के अनुसार, आयोजन समिति में शहर के बीजेपी मेयर प्रह्लाद पटेल शामिल हैं, जबकि संरक्षक विधायक चेतन्य कश्यप हैं।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें महिला बॉडी बिल्डर को पोज देते हुए दिखाया गया, जिसके बाद पूर्व मेयर और कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने पटेल और कश्यप पर ‘अभद्रता’ दिखाने का आरोप लगाया। जिला युवा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मयंक जाट ने पीटीआई से कहा, ‘‘इसमें शामिल लोगों को भगवान हनुमान जी सजा देंगे।’’


प्रदेश बीजेपी के प्रवक्ता हितेश वाजपेयी ने पलटवार करते हुए दावा किया कि कांग्रेस महिलाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते नहीं देखना चाहती है। जबकि कुछ कार्यक्रम आयोजकों ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा।

अपने वीडियो बयान में वाजपेयी ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी महिलाओं को कुश्ती, जिमनास्टिक या तैराकी में भाग लेते हुए नहीं देख सकते। क्योंकि यह देखकर उनके अंदर का शैतान जाग जाता है। वे खेल के मैदान में महिलाओं को गंदी नजरों से देखते हैं। क्या उन्हें शर्म नहीं आती?

इस बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से माफी मांगने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि रविवार को सीएम के जन्मदिन के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें ‘हिंदुओं और भगवान हनुमान का अपमान’ किया गया।

ये भी पढ़ें- Delhi Metro: होली के दिन दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगी मेट्रो सर्विस, जानिए पूरा शेड्यूल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।