गैंगस्टर अतीक अहमद के परिवार पर 160 FIR दर्ज, एक और करीबी का मकान जमींदोज, 'बुलडोजर' से प्रयागराज में दहशत

प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड मामले में योगी सरकार का एक्शन लगातार जारी है। 24 फरवरी को BSP विधायक राजू पाल की 2005 में हुई हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या के बाद गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के करीबियों पर आज लगातार चौथे दिन भी बुलडोजर से घरों को तोड़ा जाएगा। प्रयागराज प्राधिकरण ने शुक्रवार को माफिया अतीक अहमद के मददगार कहे जाने वाले मशूकुद्दीन के आलीशान घर को बुलडोजरों के जरिए जमींदोज कर दिया

अपडेटेड Mar 04, 2023 पर 12:35 PM
BSP विधायक राजू पाल की हत्या के मुख्य गवाह रहे उमेश पाल की 24 फरवरी को प्रयागराज स्थित उनके आवास के बाहर हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी

प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड मामले में योगी सरकार का एक्शन लगातार जारी है। 24 फरवरी को प्रयागराज में BSP विधायक राजू पाल की 2005 में हुई हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या के बाद गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के करीबियों पर आज यानी शनिवार को लगातार चौथे दिन भी बुलडोजर से घरों को तोड़ा जाएगा। प्रयागराज प्राधिकरण ने शुक्रवार को ही माफिया अतीक अहमद के मददगार कहे जाने वाले मशूकुद्दीन के आलीशान घर को बुलडोजरों के जरिए जमींदोज कर दिया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) के अधिकारी शुक्रवार को मशूकुद्दीन (Mashookuddin) के घर पर कार्रवाई की, जिसके खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज हैं।

इससे पहले अधिकारियों ने गैंगस्टर अतीक अहमद के एक और करीबी व्यक्ति पर गुरुवार को कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से उसका मकान जमींदोज कर दिया। गन हाउस चलाने वाले सफदर अली के धूमनगंज थाना अंतर्गत राजरूपपुर के 60 फुट रोड स्थित दो मंजिला मकान को गिराने के लिए गुरुवार सुबह करीब 12 बजे चार बुलडोजर और एक पोकलैंड मशीन सफदर के मकान पर पहुंची और भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच दोपहर डेढ़ बजे के आसपास मकान गिराने की कार्रवाई शुरू हुई।

सफदर अली का मकान गिराने के लिए तीन बुलडोजर लगाए गए, लेकिन मकान गिराने में बुलडोजर के विफल रहने पर पोकलैंड मशीन लगाई गई जिसने चार बजे तक मकान को जमींदोज कर दिया। तीन दिनों में ध्वस्तीकरण की तीसरी कार्रवाई हो चुकी है। बुधवार को अतीक के करीबी जफर अहमद का मकान गिराया था।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को जफर अहमद के मकान से एक बंदूक बरामद हुई थी जिसे कथित तौर पर अली की दुकान से खरीदा गया था। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि सफदर अली का मकान अवैध ढंग से बनाया गया था। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से पूर्व सफदर अली के मकान से सभी घरेलू सामानों को निकाल कर पड़ोस में खाली पड़े स्थान पर रख दिया गया।

160 FIR में अतीक अहमद, उसकी पत्नी, भाई और बेटे नामजद

BSP विधायक राजू पाल की हत्या के मुख्य गवाह रहे उमेश पाल की 24 फरवरी को प्रयागराज स्थित उनके आवास के बाहर हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। उमेश पाल के अलावा उनके दो सुरक्षाकर्मियों की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने धूमनगंज थाना में FIR दर्ज कराई जिसमें पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों, अतीक के साथी गुड्डू मुस्लिम और गुलाम तथा 9 अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में कहा था कि उनकी सरकार माफियाओं को मिट्टी में मिला देगी। सोमवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में उमेश पाल हत्याकांड का एक अभियुक्त अरबाज मारा गया। वर्तमान में गुजरात की साबरमती जेल में बंद अतिक राजू पाल की हत्या का एक प्रमुख आरोपी है। यूपी पुलिस के एक डोजियर के अनुसार, अतीक के परिवार को 160 FIR में नामजद किया गया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, अतीक को 100 मामलों में नामजद किया गया है, जबकि उसके भाई अशरफ पर 52 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसकी पत्नी शाइस्ता पर तीन और बेटों अली और उमर अहमद पर क्रमशः चार और एक मामले दर्ज हैं। इस बीच, अतीक अहमद ने सुरक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उसने दावा किया कि उसे और उसके परिवार को झूठे मामले में फंसाया गया है और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा उसे फर्जी एनकाउंटर में मारा जा सकता है।

बेटे अली अहमद की जमानत अर्जी खारिज

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने हत्या के कथित प्रयास और फिरौती के एक मामले में अतीक अहमद के बेटे अली अहमद की जमानत अर्जी खारिज करते हुए उसे माफिया डॉन बताया जिसका उमेश पाल हत्या मामले में नाम सामने आया है। अदालत ने कहा, “इसलिए यदि वह जेल से बाहर आता है तो वह गवाह और समाज के लिए खतरा होगा।” जस्टिस दिनेश कुमार सिंह ने कहा, “माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके परिवार ने अपराध की कमाई से कई सौ करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। अली अहमद खुद एक माफिया डॉन है, क्योंकि उमेश पाल की हत्या में उसकी भूमिका सामने आई है।”

ये भी पढ़ें- Prayagraj Shootout: कौन है गैंगस्टर से नेता बना अतीक अहमद? उमेश पाल की क्यों की गई दिनदहाड़े हत्या, जानें पूरी डिटेल्स

अदालत ने कहा, “याचिकाकर्ता दुर्दांत अपराधी, बाहुबली और माफिया डॉन अतीक अहमद का बेटा है और अतीक पर हत्या, अपहरण, फिरौती, संपत्ति हड़पने तथा अन्य जघन्य अपराधों के सौ से अधिक मामले दर्ज हैं। खुद याचिकाकर्ता पर अन्य तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।” कोर्ट ने आगे कहा, “हाल ही में विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह उमेश पाल की दिन दहाड़े नृशंस हत्या में आरोपी याचिकाकर्ता का नाम सामने आया है। राजू पाल की भी दिनदहाड़े इसके (अली के) पिता ने अन्य अभियुक्तों के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या कर दी थी। इस घटना में राजू पाल और अन्य तीन व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।