Umesh Pal Murder Case: उमेश पाल हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस को सोमवार सुबह बड़ी कामयाबी मिली। उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी विजय उर्फ उस्मान चौधरी (Vijay alias Usman Chowdhary) प्रयागराज पुलिस के साथ मुठभेड़ में सोमवार तड़के मारा गया। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पूर्व विधायक राजू पाल की हत्या के अहम गवाह उमेश पाल पर 24 फरवरी को पहली गोली उस्मान ने चलाई थी। वह CCTV में नजर आया था।
धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्य ने उस्मान के एनकाउंटर में मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि तड़के करीब पांच-साढ़े पांच बजे कौंधियारा थाना क्षेत्र में विजय उर्फ उस्मान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उन्होंने बताया कि उस्मान उमेश पाल और अन्य दो पुलिसकर्मियों को गोली मारने की घटना में शामिल था और उमेश पर पहली गोली उस्मान ने ही चलाई थी।
बता दें कि यह 10 दिन के अंदर दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले 27 फरवरी को उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी अरबाज धूमनगंज थाना क्षेत्र में नेहरू पार्क के जंगल में पुलिस के साथ एक एनकाउंटर में मारा गया था। इस एनकाउंटर में धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश मौर्य घायल हो गए थे।
बता दें कि 24 फरवरी को धूमनगंज थाना क्षेत्र में उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह पूरी घटना आसपास के CCTV कैमरे में कैद हो गई थी जिसकी मदद से ज्यादातर शूटर की पहचान हो गई है।
उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने घटना के अगले दिन धूमनगंज थाने में गैंगस्टर और पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक के दो बेटों, अतीक के साथी गुड्डू मुस्लिम और गुलाम एवं 9 अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।
आरोपियों की जानकारी देने वाले को मिलेगा ढाई लाख का इनाम
उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रयागराज में 2005 के बसपा विधायक हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या में शामिल माफिया डॉन अतीक अहमद के बेटे असद सहित पांच लोगों के बारे में जानकारी देने वाले को रविवार को ढाई लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गत 24 फरवरी को प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या की घटना में शामिल पांच लोगों की गिरफ्तारी या सूचना देने पर ढाई लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि अरमान, पूर्व सांसद अतीक अहमद के बेटे असद, गुलाम, गुड्डू मुस्लिम और साबिर के लिए यह इनाम घोषित किया गया है।