Kedarnath Landslide: उत्तराखंड में भूस्खलन से बड़ा हादसा, केदारनाथ में पहाड़ से पत्थर गिरने से 5 तीर्थयात्रियों की मौत

Kedarnath Landslide: उत्तराखंड के केदारनाथ हाईवे पर हुए भूस्खलन के मलबे से तीन महिलाओं सहित कम से कम पांच तीर्थयात्रियों के शव बरामद किए गए है। यह भूस्खलन सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच पांच किलोमीटर के हिस्से में मनकुटिया में सोमवार शाम करीब 7:20 बजे हुआ था

अपडेटेड Sep 11, 2024 पर 3:19 PM
Kedarnath Landslide: केदारनाथ में भूस्खलन से 5 तीर्थयात्रियों की दर्दनाथ मौत हो गई

Kedarnath Landslide News: गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच हाईवे पर हुए भूस्खलन में केदारनाथ मंदिर से लौट रहे पांच तीर्थयात्रियों की दर्दनाथ मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ नेशनल हाईवे पर हुए भूस्खलन के मलबे से मंगलवार (10 सितंबर) को चार और शव बरामद होने से हादसे में मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह भूस्खलन गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच पांच किलोमीटर के हिस्से में मनकुटिया में सोमवार (9 सितंबर) शाम करीब 7:20 बजे हुआ था। उसके बाद से ही सर्च ऑपरेशन जारी थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खराब मौसम, बर्फबारी, अंधेरे और घटनास्थल पर लगातार मलबा एवं पत्थर गिरने के कारण सोमवार रात रोके गए बचाव और राहत अभियान को बुधवार सुबह फिर शुरू किया गया। इस दौरान मलबे से तीन महिलाओं समेत चार और श्रद्धालुओं के शव निकाले गए। उन्होंने बताया कि अभियान अभी जारी है। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच मुनकटिया के समीप सोमवार देर शाम हुए भूस्खलन के मलबे में और लोगों के भी दबे होने की आशंका है।

पुलिस ने पीटीआई से कहा कि बुधवार सुबह बरामद हुए शवों की पहचान मध्य प्रदेश के घाट जिले के नेपावाली निवासी दुर्गाबाई खापर (50), नेपाल के धनवा जिले के वैदेही गांव की रहने वाली तितली देवी मंडल (70), मध्य प्रदेश के धार जिले के झिझोरा की रहने वाली समनबाई (50) और गुजरात के सूरत के खटोदरा निवासी भारत भाई निरालाल (52) के रूप में हुई है।


इससे पहले, सोमवार रात को घटनास्थल से मध्य प्रदेश के धार जिले के रहने वाले गोपालजी (50) का शव बरामद किया गया था जबकि घायल तीन अन्य श्रद्धालुओं को मलबे से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया था। घायलों में गोपालजी के भाई छगन लाल (45) भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- 'देशविरोधी बातें करना राहुल गांधी की आदत': कांग्रेस नेता पर बरसे अमित शाह और राजनाथ सिंह

हादसे के समय तीर्थयात्रियों का दल केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस आ रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम पहुंची तथा बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। इस बीच, भूस्खलन से बाधित सड़क को पैदल यात्रा के लिए खोल दिया गया है। पुलिस ने बताया कि गौरीकुंड की ओर रुके यात्रियों को सुरक्षित तरीके से सोनप्रयाग की ओर भिजवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।