Weather Forecast: इन राज्यों में इस वीकेंड होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन में दिल्ली में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है, इस दौरान हालांकि बादल छाए रहेंगे

अपडेटेड Sep 09, 2022 पर 1:40 PM
झारखंड में 11 सितंबर से एक बार फिर भारी बारिश हो सकती है

Weather Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने शुक्रवार (9 सितंबर, 2022) को अपने ताजा बुलेटिन में कहा कि ओडिशा और दक्षिण बंगाल में इस वीकेंड भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में 11 सितंबर से एक बार फिर भारी बारिश हो सकती है। IMD ने बताया कि 11 सितंबर से झारखंड में भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD के ताजा मौसम बुलेटिन में अगले कुछ दिनों में ओडिशा और महाराष्ट्र सहित देश के कई अन्य राज्यों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान ओडिशा, महाराष्ट्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने ओडिशा के कोरापुट, कंधमाल, गजपति और गंजम जिलों में शुक्रवार को 70-200 मिमी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। IMD ने अगले दो दिनों में इन जिलों में मूसलाधार बारिश होने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी की है।


ये भी पढ़ें- रिकवरी एजेंट की धमकियों से परेशान कपल ने दी जान, क्या लोन ऐप कंपनियों में अभी भी नहीं सरकार का खौफ?

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 9 सितंबर को रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 9 को तटीय कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी बादल बरसेंगे। 9-10 सितंबर, 2022 के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश बारिश होगी। इसके अलावा तेलंगाना में भी 9 सितंबर 2022 को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।

IMD ने यह भी बताया कि 9 से 11 सितंबर के दौरान ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 12 सितंबर को छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल और गुजरात में बारिश होने की संभावना है। वहीं, अगले 5 दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में बारिश होगी।

इस बीच, अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की गतिविधि जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन में दिल्ली में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है, इस दौरान हालांकि बादल छाए रहेंगे। मौसम वैज्ञानिकों ने सितंबर में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान लगाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।