Weather update: केरल के विभिन्न इलाकों में सोमवार को भी भारी बारिश जारी रही, जिससे लोगों को सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने तीन जिलों पत्तनमथिट्टा, अलाप्पुझा और एर्नाकुलम में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। IMD 6 से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश के पूर्वानुमान पर येलो अलर्ट जारी करता है। वहीं, मौसम विभाग ने 5 अक्टूबर तक बारिश होने का अनुमान जताया है।राज्य में बीते तीन चार दिन से भारी बारिश जारी है जिससे कई स्थानों पर पेड़ों के उखड़ने, जलभराव और दीवारों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
पीटीआई के मुताबिक, केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने बताया कि बीते 24 घंटों में सबसे अधिक प्रभावित जिले पत्तनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और कोझिकोड रहे। प्राधिकरण ने रविवार को बताया कि अलाप्पुझा और कोट्टायम में एक-एक शिविर स्थापित किया गया है। बीते 24 घंटों में बारिश से संबंधित हादसों में 26 लोग प्रभावित हुए।
भारी बारिश से पूर्व में अलप्पुझा जिले के कुट्टनाड क्षेत्र के एक छोटे से गांव एडथुआ में सैकड़ों एकड़ में फैले धान के खेत जलमग्न हो गए थे। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।
इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून अक्टूबर के पहले सप्ताह में निकल जाएगा। मौसम विभाग ने कहा कि इस साल मानसून की बारिश 2018 के बाद से सबसे कम है, क्योंकि अल नीनो मौसम के पैटर्न ने अगस्त को एक सदी से भी अधिक समय में सबसे शुष्क बना दिया है। IMD ने कहा कि जून से सितंबर तक देश में बारिश लंबी अवधि के औसत का 94 प्रतिशत थी, जो 2018 के बाद से सबसे कम है।
2 से 4 अक्टूबर के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में आंधी और बिजली के साथ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, 2 से 5 अक्टूबर के दौरान गांगेय पश्चिम बंगाल और बिहार में जबकि 4 और 5 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश होगी।
48 घंटे के दौरान बिहार में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। 2 अक्टूबर को झारखंड और ओडिशा में, जबकि 3 अक्टूबर को उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम मूसलाधार बारिश होगी।
2 से 5 अक्टूबर के दौरान असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 3 एवं 4 अक्टूबर को बादल बरसेंगे। वहीं, इस दौरान अरुणाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश होगी।
अगले 48 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी इस दौरान भारी बारिश की आशंका है।