पश्चिम बंगाल के इस हिस्से में 20 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का अनुमान, केरल में भी ऑरेन्ज अलर्ट

Rain Updates: मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वानुमान में संकेत दिया गया है कि गंगीय पश्चिम बंगाल में 20 अगस्त तक बहुत भारी बारिश होती रहेगी, इसके बाद 21 अगस्त को भारी बारिश होगी। इसके अलावा, मौसम के प्रभाव के कारण उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी 21 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है

अपडेटेड Aug 18, 2024 पर 10:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पश्चिम बंगाल के इस हिस्से में 20 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को कम दबाव वाले क्षेत्र और सक्रिय मानसून के कारण 20 अगस्त तक गंगीय पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की। इस वेदर सिस्टम के एक वेल मार्क्ड कम दबाव वाले एरिया में तब्दील होने और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है। अगले तीन से चार दिनों में, इसके दक्षिणी बांग्लादेश से गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वानुमान में संकेत दिया गया है कि गंगीय पश्चिम बंगाल में 20 अगस्त तक बहुत भारी बारिश होती रहेगी, इसके बाद 21 अगस्त को भारी बारिश होगी। इसके अलावा, मौसम के प्रभाव के कारण उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी 21 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है।

केरल में अगले 5 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट


इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को केरल में अगले पांच दिनों के दौरान भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने का फोरकास्ट और चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया ।

राज्य के कई हिस्सों में आज अलग-अलग जगहों पर रूक-रूक कर बारिश होती रही और मनीमाला और पंबा समेत कई नदियों में जलस्तर बढ़ गया।

IMD के मुताबिक पत्तनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में आज ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया, जहां भारी बारिश होने का अनुमान है।

11 Cm से 20 Cm बारिश का अनुमान

इसने कहा कि कोट्टायम, इडुक्की, कोझिकोड, पत्तनमथिट्टा एवं एर्नाकुलम जिलों को क्रमश: रविवार और सोमवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ की कैटेगरी में रखा गया है।

जब 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने का अनुमान होता है, तब ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया जाता है।

इस बीच, मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले घंटों में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्टा, अलपुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।