Weather Update: दिल्ली सहित इन राज्यों में ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश की आशंका, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश और ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है

अपडेटेड Mar 31, 2023 पर 3:27 PM
Story continues below Advertisement
IMD ने दिल्ली-NCR में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताया है

Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को फिर बारिश हुई। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने दिल्ली-NCR में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताया है। गुरुवार की धूल भरी आंधी और भारी बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। IMD ने शुक्रवार को भी शहर में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के कुछ इलाकों से जलभराव की सूचना मिली है। जबकि सिविल लाइंस, रोहिणी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य इलाकों से पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा दिल्ली से सटे नोएडा में दीवार गिरने से दो किशोर घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशोरों ने सेक्टर 44 में एक निर्माण स्थल पर 9 इंच की दीवार के पास शरण ली थी, जब यह घटना शाम करीब सात बजे हुई। पीक आवर के दौरान बारिश ने प्रमुख जंक्शनों पर ट्रैफिक को प्रभावित किया, क्योंकि सड़कों पर पानी भर गया था।

ओलावृष्टि की आशंका


मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश की आशंका है। अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में मौसम ठंडा बना हुआ है और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को हुई बारिश के कारण अब भी सड़कों पर जलभराव है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

राजस्‍थान के कई इलाकों में बारिश

उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को राजस्थान के कई हिस्‍सों में बार‍िश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों में बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कोटपुतली, जयपुर में सर्वाधिक 40 मिलीमीटर और गंगानगर में 23.3 मिलीमीटर बारिश हुई। IMD के मुताबिक, शुक्रवार को भी बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में गरज के साथ 30 से 40 क‍िलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की आशंका है।

हिमाचल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

स्थानीय मौसम कार्यालय ने 31 मार्च को किन्नौर और लाहौल और स्पीति के जनजातीय जिलों को छोड़कर हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों के मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 1 और 3 अप्रैल को आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Board 10th Result: बिहार बोर्ड 10वीं में 81.04% छात्र पास, शेखपुरा के युम्मान अशरफ ने किया टॉप, ऐसे डाउनलोड करें मार्कशीट

IMD ने यह भी आगाह किया है कि भारी बारिश और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों, फलों के पौधों और नए रोपण को भी नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने 5 अप्रैल तक इस क्षेत्र में बारिश की भविष्यवाणी की है।

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश और ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। मौसम कार्यालय ने 4 अप्रैल तक पूर्वोत्तर भारत में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।