Weather Updates: देश के कई राज्यों में आज झमाझम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आज से पूर्वी और पूर्वी मध्य भारत के हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में इजाफा हो सकता है। केरल, अंडमान और निकोबार के कुछ इलाकों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही देश के अन्य इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है। राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया गया है। शुक्रवार को लखनऊ में सितंबर के महीने का अभी तक का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था। जबकि, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था।
बाराबंकी, हरदोई, कानपुर, इटावा, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, चुर्क, बहराइच और प्रयागराज में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से लेकर 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जबकि, न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से लेकर 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
दिल्ली में आज और कल 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। पिछले घंटों 24 के दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। यानी दिल्ली के लोगों को अगले कुछ दिनों तक उमस का सामना करने के लिए तैयार रहने की जरूरत है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। नजफगढ़ में एक सितंबर को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। पालम में 37.5 डिग्री दर्ज किया गया।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, आज तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और केरल में एक या कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी के साथ, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।