देश के कई राज्यों में इस समय मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसकी वजह से कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आने वाले कुछ दिनों के लिए भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department-IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। IMD ने मध्य प्रदेश और गुजरात में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कर्नाटक, राजस्थान और महाराष्ट्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में भारी बारिश हुई है। इससे लोगों के हाल-बेहाल हैं।
गुजरात और महाराष्ट्र की बात करें तो यहां लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। घर से लेकर दुकान तक में बारिश का पानी घुस चुका है। महाराष्ट्र में शनिवार को भी भारी बारिश जारी रही। जिससे कई इलाकों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
देश की राजधानी दिल्ली में झमाझम बारिश का दौर जारी है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में आज (28 जुलाई 2024) तेज बारिश हो सकती है। हालांकि, दिल्ली में बारिश होने के बाद से ही कई जगहों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली है। IMD के मुताबिक, इस इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राजधानी में अब तक हल्की से मध्यम बारिश ही दर्ज की गई है। मौसम जानकारों का कहना है कि औसतन एक सीजन में दो से तीन दिन भारी बारिश दर्ज की जाती है।
इस साल कमजोर मानसून के बाद हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार को फिर से बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार 30 जुलाई तक और तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन और शिमला सहित कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा, आईएमडी ने सिरमौर, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 और 31 जुलाई को उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी भारी बारिश हो सकती है। 28 जुलाई को पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना जताई गई है। 31 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। जम्मू-कश्मीर और पंजाब में 30 और 31 जुलाई को भारी हो सकती है।