World Hindi Day 2023: विश्व आज 10 जनवरी को 'वर्ल्ड हिंदी डे' (World Hindi Day) मना रहा है। अपनी भाषा के प्रति लगाव और अनुराग राष्ट्र प्रेम का ही एक रूप है। हिंदी ने देशवासियों को एक सूत्र में पिरोकर हमेशा अनेकता में एकता की भावना को साबित किया है। ऐसे में 10 जनवरी का दिन देश में हिंदी प्रेमी लोगों के लिए काफी अहम है। आज ही के दिन विश्व हिंदी दिवस होता है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए साल 2006 में हर साल 10 जनवरी को हिंदी दिवस मनाने की घोषणा की थी। इस साल हिंदी दिवस की थीम है 'हिंदी को जनमत की भाषा बनाना, बगैर उनकी मातृभाषा की महत्ता को भूले।
हिंदी दुनिया भर में 26 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा बोली जाने वाली एक इंडो-आर्यन भाषा है। यह दुनिया की चौथी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। यह भारत सरकार की राजकीय भाषा है और अंग्रेजी के साथ भारत की दो आधिकारिक भाषाओं में से एक है।
देश की प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने 1975 में नागपुर में पहली बार विश्व हिंदी कांफ्रेंस (first World Hindi Conference) का उद्घाटन किया। इसके बाद दुनिया के कई हिस्सो में विश्व हिंदी कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, त्रिनिदाद और टोबैगो जैसे कई देश शामिल हैं। हालांकि साल 2006 में 10 जनवरी के दिन पहली बार विश्व हिंदी दिवस मनाया गया था। उस समय देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे। भारत के तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह ने ही इस दिन (10 जनवरी) को विश्व हिंदी दिवस के रुप में मनाने की घोषणा की थी। उसके बाद से हर साल दुनिया भर में हिंदी भाषा को एक दिवस के रुप में मनाया जाने लगा।
कैसे है राष्ट्रीय हिंदी दिवस से अलग?
हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार के मकसद से हर साल 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस भी आयोजित किया जाता है। आमतौर पर लोगों को इन दोनो दिनों को लेकर भ्रम रहता है। पहले हम आपको यह बता दें कि राष्ट्रीय हिंदी दिवस 14 सितंबर को मनाया जाता है। जबकि विश्व हिंदी दिवस 10 जनवरी को आयोजित होता है। विश्व हिंदी दिवस भाषा को दुनिया भर में प्रचार करने के लिए फोकस किया गया है। वहीं हिंदी दिवस खास तौर से भारत में फोकस रहता है। .
14 सितम्बर 1949 को देश की संविधान सभा ने सर्वसम्मति से हिंदी को राजभाषा के रूप में अपनाया था। हर साल 14 सितम्बर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दौरान हिंदी पखवाड़ा आयोजित किया जाता है।