Wrestlers Protest: बृजभूषण शरण सिंह के घर पहुंची दिल्ली पुलिस, सहयोगियों और कर्मचारियों के दर्ज किए बयान

Wrestlers Protest: ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट की तरफ से बृजभूषण शरण सिंह पर एक नाबालिग पहलवान समेत 7 महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों ने 21 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी और 28 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ यौन शोषण के दो मामले दर्ज किए थे

अपडेटेड Jun 06, 2023 पर 5:08 PM
Wrestlers Protest: अधिकारियों ने बताया कि पुलिस BJP सांसद के खिलाफ दर्ज मामले के संबंध में सबूत एकत्रित कर रही है

Wrestlers Protest: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के निवर्तमान अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने एक्शन शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के सिलसिले में उनके सहयोगियों और उत्तर प्रदेश के गोंडा में स्थित उनके घर पर काम करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिस लड़की के बयान के आधार पर सिंह के खिलाफ यौन शोषण से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था, उसका बयान दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 164 के तहत एक बार फिर दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस भारतीय जनता पार्टी के सांसद के खिलाफ दर्ज मामले के संबंध में सबूत एकत्रित कर रही है और उसके अनुसार अदालत में एक रिपोर्ट पेश करेगी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि जांच टीम ने बयान दर्ज करते समय सभी के पहचान पत्र भी देखे। अधिकारियों ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई को यह जानकारी दी।

अब तक 137 लोगों के बयान दर्ज


एक अधिकारी ने एजेंसी को बताया, "दिल्ली पुलिस का एक दल गोंडा पहुंचा और सिंह के सहयोगियों तथा उनके चालक सहित उनके घर पर काम करने वालों के बयान दर्ज किए। यह कार्रवाई सबूत इकट्ठा करने और मामले में सिंह तथा शिकायतकर्ताओं के साथ गवाहों के बयानों की पुष्टि करने के लिए आगे की जांच के हिस्से के तौर पर की गई।"

उन्होंने कहा, "मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए हम इस बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकते।" इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कुल 12 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस की टीम वापस दिल्ली लौट आई। इसी के साथ अब तक पुलिस ने 137 लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हालांकि, पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

क्या है आरोप?

बता दें कि ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट की तरफ से बृजभूषण पर एक नाबालिग पहलवान समेत 7 महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों ने 21 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी और 28 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ यौन शोषण के दो मामले दर्ज किए थे।

ये भी पढ़ें- Odisha Train Accident: बेटे की मौत पर पिता को नहीं हो रहा था भरोसा, घंटों बाद मुर्दाघर से जिंदा खोज निकाला

पहली FIR एक नाबालिग पहलवान के यौन शोषण के आरोपों के मद्देनजर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियमत के तहत दर्ज की गई है। वहीं, दूसरी FIR में शीलभंग करने संबंधी आरोप लगाए हैं। बृजभूषण उत्तर प्रदेश के कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी के एक दबंग सांसद हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।