Coronavirus: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली एम्स ने कर्मचारियों के लिए अनिवार्य किया मास्क

Coronavirus Cases Surge In India: देश में कोरोना वायरस (COVID-19) मामलों में वृद्धि को देखते हुए दिल्ली एम्स ने अस्पताल के सभी कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। कोविड-19 मामलों में उछाल को देखते हुए एम्स दिल्ली ने सभी कर्मचारियों के लिए अस्पताल परिसर के अंदर फेस मास्क पहनने के लिए एडवाइजरी जारी की है

अपडेटेड Apr 13, 2023 पर 10:39 AM
Coronavirus: दिल्ली स्थित सभी अस्पतालों के कर्मचारियों को अब हर समय मास्क पहनना अनिवार्य है

Coronavirus Cases Surge In India: देश में कोरोना वायरस (COVID-19) मामलों में वृद्धि को देखते हुए दिल्ली एम्स ने अस्पताल के सभी कर्मचारियों के लिए फेस मास्क (Face Masks) पहनना अनिवार्य कर दिया है। कोविड-19 मामलों में उछाल को देखते हुए एम्स दिल्ली (AIIMS Delhi) ने सभी कर्मचारियों के लिए अस्पताल परिसर के अंदर फेस मास्क पहनने के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि अस्पताल के सभी कर्मचारी कपड़े के फेस कवर या सर्जिकल मास्क का उपयोग अवश्य करें। साथ ही अस्पतालों की उचित सफाई और लगातार स्वच्छता सुनिश्चित करें।

एडवाइजरी के अनुसार, अस्पताल के सभी कर्मचारियों को अब हर समय मास्क पहनना अनिवार्य है। साथ ही तीन-चार लोगों से अधिक व्यक्ति एक साथ खड़ा नहीं रहेंगे। इसके अतिरिक्त, एम्स मैनेजमेंट ने कर्मचारियों को बुखार, खांसी या सर्दी जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर के मार्गदर्शन में घर पर ही आइसोलेट करने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य का ध्यान रखें सभी कर्मचारी


एडवाइजरी में आगे कहा गया है, "जो कर्मचारी अधिक जोखिम में हैं उन लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। सभी अधिकारियों को सलाह दी गई कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और कोरोना से संबंधित लक्षणों पर ध्यान दें।

एडवाइजरी में इस बात पर जोर दिया गया है कि यदि कोई कर्मचारी अस्वस्थ महसूस करता है, तो उसे तुरंत अपने रिपोर्टिंग अधिकारी को सूचित करना चाहिए और वर्क प्लेस छोड़ देना चाहिए। ऐसे कर्मचारियों को एडवाइजरी के अनुसार होम क्वारंटाइन का पालन करना चाहिए और तुरंत कोविड टेस्ट कराना चाहिए।

दिल्ली में 23.8% पॉजिटिविटी रेट

बता दें कि बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 23.8% की पॉजिटिविटी रेट के साथ 1,149 नए कोविद -19 मामले दर्ज किए गए। मंगलवार के 980 की तुलना में यह 200 मामलों की वृद्धि है। मामलों में यह वृद्धि 20 अगस्त के बाद से सबसे अधिक है, जब 1,109 नए मामले सामने आए थे।

ये भी पढ़ें- Coronavirus Update: कोरोना संक्रमण की बढ़ी रफ्तार, एक दिन में रिकॉर्ड उछाल, 10,158 नए मामले दर्ज

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, एक व्यक्ति की मौत COVID-19 से हुई थी, लेकिन इसे मृत्यु का प्राथमिक कारण नहीं माना गया था। दिल्ली में कोरोना वायरस से मौतों की कुल संख्या अब 26,546 है। राष्ट्रीय राजधानी में एक्टिव मामले वर्तमान में 3,347 हैं, जबकि संचयी मामले 20,17,250 तक पहुंच गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।