आप उलझन में पड़ जाएंगे यह रेलवे स्टेशन है या एयरपोर्ट, जानिए क्या है रेलवे का प्लान

हाल में तीन रेलवे स्टेशनों-रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, गांधीनगर रेलवे स्टेशन और सर एम विश्वसरैया रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम पूरा हो गया है। अभी अयोध्या, गोमतीनगर, बिजवासन, सफदरगंज और तिरुपति रेलवे स्टेशनों पर काम चल रहा है

अपडेटेड Aug 06, 2022 पर 1:40 PM
Story continues below Advertisement
देश में कुल 7000 से ज्यादा रेलवे स्टेशन है। पहले चरण में सरकार ने आधुनिकीकरण के लिए उन स्टेशनों का चुनाव किया है, जो पैसेंजर यूटिलाइजेशन के लिहाज से व्यस्त हैं।

अगर आप ट्रेन से ज्यादा सफर करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। रेलवे स्टेशनों (Railway Stations) की सूरत बदलने जा रही है। इसके लिए रेलवे ने कई योजनाएं तैयार की हैं। अलग-अलग योजनाओं के तहत अलग-अलग स्टेशनों को संवारने का काम होगा। इन योजनाओं के पूरा होने पर रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट (Airports) जैसे दिखेंगे।

रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने इस बारे में शुक्रवार को राज्य सभा में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही उन्हें सुंदर बनाने के लिए कई स्कीम तैयार की गई हैं। इनमें मॉडल स्टेशन, मॉडर्न स्टेशन और आदर्श स्टेशन स्कीम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : Jet Fuel की कीमत 12% घटी, क्या घटने जा रही हैं एयरलाइंस कंपनियों के टिकटों की कीमतें?


उन्होंने कहा कि आदर्श स्टेशन स्कीम के तहत कुल 1,252 रेलवे स्टेशनों को डेवलपमेंट के लिए सेलेक्ट किया गया था। इनमें से 1,215 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम पूरा हो चुका है। बाकी स्टेशनों के डेवलपमेंट का काम फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में पूरा हो जाएगा।

रेलमंत्री ने BJP सांसद नरहरि अमीन के एक सवाल के जवाब में सदन को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के मकसद से स्टेशनों को अपग्रेड किया जा रहा है। वैष्णव ने पिछले साल रेल मंत्री का कार्यभार संभाला था। उनसे पहले रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी पीयूष गोयल पर थी।

केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार का फोकस रेलवे पर रहा है। पिछले कुछ सालों में रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर काफी जोर दिया गया है। इससे रेल हादसों में कमी आई है। साथ ही एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की औसत स्पीड में इजाफा हुआ है।

अब सरकार यात्री सुविधाएं बेहतर बनाने पर जोर दे रही है। देश में कुल 7000 से ज्यादा रेलवे स्टेशन है। पहले चरण में सरकार ने आधुनिकीकरण के लिए उन स्टेशनों का चुनाव किया है, जो पैसेंजर यूटिलाइजेशन के लिहाज से व्यस्त हैं।

हाल में तीन रेलवे स्टेशनों-रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, गांधीनगर रेलवे स्टेशन और सर एम विश्वसरैया रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम पूरा हो गया है। अभी अयोध्या, गोमतीनगर, बिजवासन, सफदरगंज और तिरुपति रेलवे स्टेशनों पर काम चल रहा है। गया, उधना, सोमनाथ और एर्नाकुलम रेलवे स्टेशनों के डेवलपमेंट के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया जा चुका है।

हाल में रेलवे ने उत्तर प्रदेश में अमेठी के गौरीगंज स्टेशन के डेवलपमेंट के बाद उसकी तस्वीर ट्वीट की थी। रेलवे ने पुराने स्टेशन की भी तस्वीर ट्वीट कर दोनों के बीच फर्क बताया था। इस पर अमेठी की सांसद और वरिष्ठ भाजपा मंत्री स्मृति ईरानी ने रेल मंत्री का आभार जताया था। गौरीगंज के अलावा जबलपुर स्टेशन को भी विकसित किया जा चुका है। मुज्जफरपुर रेलवे स्टेशन और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशनों को विकसित करने का काम जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।