Accent Microcell IPO : अंतिम दिन जमकर लगी बोली, 337 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू

Accent Microcell IPO : NSE पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार निवेशकों ने 40.04 लाख इक्विटी शेयरों के ऑफर साइज के मुकाबले 134.94 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगाई है। यह इश्यू 8 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसके लिए 133-140 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है

अपडेटेड Dec 12, 2023 पर 9:51 PM
Accent Microcell के IPO को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है।

Accent Microcell के IPO को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक यह इश्यू 337.01 गुना सब्सक्राइब हो गया है। NSE पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार निवेशकों ने 40.04 लाख इक्विटी शेयरों के ऑफर साइज के मुकाबले 134.94 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगाई है। यह इश्यू 8 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसके लिए 133-140 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 78.4 करोड़ रुपये जुटाने का है।

सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल

इस आईपीओ को पहले दिन से ही निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया मिल रही है। इसमें हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल और रिटेल निवेशकों ने अच्छी-खासी दिलचस्पी दिखाई है। हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल ने अपने लिए रिजर्व हिस्से का 577.01 गुना सब्सक्राइब किया। वहीं, रिटेल निवेशकों ने 409.71 गुना बोली लगाई। इसके अलावा, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 118.5 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इस आईपीओ की लिस्टिंग NSE SME पर होगी। यहां हमने इस आईपीओ से जुड़ी तमाम जानकारी दी है।


आईपीओ से जुड़ी डिटेल

एक्सेंट माइक्रोसेल आईपीओ 78.40 करोड़ रुपये का बुक बिल्ट इश्यू है। इसके तहत 56 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें ऑफर फॉर सेल के तहत कोई बिक्री नहीं होगी। शेड्यूल के मुताबिक आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट बुधवार, 13 दिसंबर 2023 को होने की उम्मीद है। शेयरों की लिस्टिंग के लिए संभावित तारीख 15 दिसंबर 2023 तय की गई है।

कंपनी के प्रमोटर श्री वसंत वाडीलाल पटेल, श्री घनश्याम अर्जनभाई पटेल, श्री नितिन जसवंतभाई पटेल और श्री विनोदभाई मणिभाई पटेल हैं। कॉरपोरेट कैपिटलवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड एक्सेंट माइक्रोसेल आईपीओ का बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है। एक्सेंट माइक्रोसेल आईपीओ के लिए मार्केट मेकर प्रभात फाइनेंशियल सर्विसेज है।

कंपनी के बारे में

Accent Microcell कंपनी 10 अप्रैल 2012 को इनकॉर्पोरेट हुई है। कंपनी मुख्य रूप से फार्मास्युटिकल, न्यूट्रास्युटिकल, फूड, कॉस्मेटिक और अन्य इंडस्ट्रीज के लिए हाई क्वालिटी वाले सेलूलोज़-बेस्ड एक्सीसिएंट (excipients) का उत्पादन करती है। कंपनी ने हाई क्वालिटी वाले सेलूलोज़-बेस्ड एक्सीसिएंट्स के उत्पादन में एक जगह बनाई है, जो इंटरनेशनल क्वालिटी स्टैंडर्ड को पूरा करते हैं। कंपनी अहमदाबाद में पिराना रोड और भरूच में दहेज SEZ में दो अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी संचालित करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।