Afcons Infra IPO: एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर के आईपीओ पर ब्रोकरेज फर्म बुलिश नजर आ रहे हैं। इस पब्लिक इश्यू को आनंद राठी, कैनरा बैंक सिक्योरिटीज़, अरिहंत कैपिटल, केआर चोकसी जैसे ब्रोकरेज फर्म ने लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। यह आईपीओ 25 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है और इसमें 29 अक्टूबर तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 5430 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसके लिए 440-463 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE, NSE पर 4 नवंबर को होनी है।
Afcons Infra IPO पर क्या है एक्सपर्ट्स की राय
इस आईपीओ को कई ब्रोकरेज फर्म ने सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। ग्रोथ की मजबूत गुंजाइश, दमदार वित्तीय स्थिति और विस्तार की स्ट्रैटेजी के चलते ब्रोकरेज केआर चोकसी ने इसे सब्सक्राइब रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि इसका वैल्यूएशन बढ़िया लेवल पर है। इसके अलावा, ब्रोकरेज फर्म आनंद राठी ने भी इसे सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।
इसके अलावा, मेहता इक्विटीज के राजन शिंदे का मानना है कि एफकॉन्स इंफ्रा ने निवेशकों के लिए एक शानदार मौका दिया है कि वे शपूरजी पालोनजी ग्रुप की फ्लैगशिप कंस्ट्रक्शन कंपनी में निवेश कर पाएं। राजन का का कहना है कि कंपनी की काम करने की मजबूत क्षमता और मार्केट में दमदार स्थिति को देखते हुए यह इंफ्रा सेक्टर की अहम कंपनी है और इसमें लॉन्ग टर्म के लिए पैसे डाल सकते हैं।
Afcons Infra IPO का सब्सक्रिप्शन स्टेटस
पहले दिन तक एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर का आईपीओ 10 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार आईपीओ में 8.66 करोड़ शेयरों के मुकाबले 85.94 लाख शेयरों के लिए बोलियां आई है। NSE के आंकड़ों के अनुसार खुदरा निवेशक सबसे आगे रहे, जिन्होंने अपने लिए रिजर्व हिस्से का 14 फीसदी हिस्सा खरीदा। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का हिस्सा सिर्फ 11 फीसदी सब्सक्राइब हुआ, जबकि कर्मचारियों का कोटा 39 फीसदी सब्सक्राइब हुआ। QIB ने अपने रिजर्व हिस्से का 1 फीसदी हिस्सा खरीदा है।
Afcons Infra IPO की डिटेल्स
एफकॉन्स इंफ्रा के ₹5,430.00 करोड़ के आईपीओ में 25-29 अक्टूबर तक ₹440-₹463 के प्राइस बैंड और 32 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 30 अक्टूबर को फाइनल होगा। फिर BSE और NSE पर 4 नवंबर को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम है। इस आईपीओ के तहत 1250 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 9,02,80,778 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी।
ऑफर फॉल सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले प्रमोटर ग्रुप कंपनी गोस्वामी इंफ्राटेक को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 80 करोड़ रुपये का कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट की खरीदारी, 320 करोड़ रुपये का लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, 600 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने और बाकी पैसों का इस्तेमाल आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
वर्ष 1959 में बनी शपूरजी पालोनजी ग्रुप की इंफ्रा इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी एफकॉन्स इंफ्रा ने सितंबर 2023 तक के आंकड़ों के हिसाब से 15 देशों में 52220 करोड़ रुपये के 76 प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं। सितंबर 2023 तक के आंकड़ों के मुताबिक अभी इसे पास 13 देशों में 34888 करोड़ रुपये के 67 एक्टिव प्रोजेक्ट्स हैं। इसका कारोबार एशिया, अफ्रीका और मिडिल ईस्ट में फैला हुआ है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022 में इसे 357.61 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 410.86 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 449.76 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 10 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 13,646.88 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 में इसे 91.59 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 3,213.47 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।