Agilus Diagnostics ने IPO की योजना टाली, SEBI ने दी जानकारी

Agilus Diagnostics IPO : आईपीओ के तहत इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन, NYLIM जैकब बल्लास इंडिया फंड III एलएलसी और रिसर्जेंस पीई इन्वेस्टमेंट्स OFS में बेचने वाले शेयरधारक थे। डायग्नोस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर एगिलस ने 29 सितंबर 2023 को सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दायर किया था

अपडेटेड Feb 22, 2024 पर 9:57 PM
डायग्नोस्टिक्स कंपनी एगिलस डायग्नोस्टिक्स ने अपने आईपीओ प्लान को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।

Agilus Diagnostics IPO : गुरुग्राम स्थित डायग्नोस्टिक्स कंपनी एगिलस डायग्नोस्टिक्स ने अपने आईपीओ प्लान को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। कंपनी ने पिछले हफ्ते 12 फरवरी को अपनी आईपीओ लाने की योजना वापस ले ली। 16 फरवरी को जारी ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट की प्रोसेसिंग स्टेटस के अनुसार मार्केट रेगुलेटर सेबी ने कहा कि एगिलस डायग्नोस्टिक्स ने 12 फरवरी को अपना पब्लिक इश्यू वापस ले लिया है। इस आईपीओ में OFS के जरिए मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 1.42 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री होनी थी। वहीं, इसमें नए शेयर जारी करने की कोई योजना नहीं थी।

Agilus Diagnostics ने सितंबर 2023 में किया था आवेदन

आईपीओ के तहत इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन, NYLIM जैकब बल्लास इंडिया फंड III एलएलसी और रिसर्जेंस पीई इन्वेस्टमेंट्स OFS में बेचने वाले शेयरधारक थे। 413 लेबोरेटरी के नेटवर्क के साथ भारत के सबसे बड़े डायग्नोस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर में से एक एगिलस ने 29 सितंबर 2023 को सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दायर किया था।


किसकी-कितनी हिस्सेदारी

डीआरएचपी के अनुसार प्रमोटर फोर्टिस हेल्थकेयर के पास एगिलस डायग्नोस्टिक्स में 57.68 फीसदी हिस्सेदारी थी, जबकि 42.32 फीसदी शेयर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास थे। ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने के समय NYLIM जैकब बल्लास इंडिया फंड III एलएलसी 15.86 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सबसे बड़े शेयरधारक हैं। वहीं, इसमें रिसर्जेंस पीई इन्वेस्टमेंट्स के पास 8.05 फीसदी शेयर और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन के पास 7.61 फीसदी शेयर है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।