Eugia Pharma Specialities IPO : अरबिंदो फार्मा (Aurobindo Pharma) अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी स्पेशियलिटी जेनेरिक फर्म यूजिया फार्मा स्पेशियलिटीज का आईपीओ लाने की तैयारी में है। कंपनी इस मेगा आईपीओ के जरिए साल 2024 में करीब 4500 करोड़ रुपये जुटाएगी। मनीकंट्रोल को इंडस्ट्री से जुड़े कई सूत्रों ने यह जानकारी दी है। हैदराबाद स्थित पेरेंट कंपनी ने पहले Eugia की बिक्री का प्रयास किया था और 2022 में टॉप प्राइवेट इक्विटी प्लेयर्स के साथ चर्चा की थी, लेकिन वैल्यूएशन पर मतभेदों के कारण बातचीत सफल नहीं हो पाई।
4,500 करोड़ रुपये जुटा सकती है कंपनी
सूत्र ने कहा, "बाजार तेजी के दौर में है और फार्मा वैल्यूएशन आकर्षक दिख रहा है, ऐसे में अरबिंदो फार्मा अब Eugia की लिस्टिंग का मूल्यांकन कर रहा है। यह डील हाल ही में सभी एडवाइजर्स के साथ शुरू हुई थी।" एक दूसरे सूत्र ने मनीकंट्रोल को बताया कि इस आईपीओ के जरिए करीब 4,500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। उन्होंने कहा कि निवेश बैंक एक्सिस कैपिटल, जेफरीज, कोटक महिंद्रा कैपिटल और जेपी मॉर्गन को तीन कानूनी फर्मों के साथ एडवाइजर के रूप में शॉर्टलिस्ट किया गया।
अभी यह बातचीत शुरुआती दौर में हैं और कंपनी का लिस्टिंग के जरिए 4,000 करोड़ रुपये से 5,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है। सूत्र ने कहा कि बाद में बाजार की स्थितियों के आधार पर इसमें बदलाव हो सकता है। सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। Aurobindo Pharma ने इस मामले में मनीकंट्रोल द्वारा पूछे गए सवालों का अब तक जवाब नहीं दिया है। वहीं, एक्सिस कैपिटल, कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेफ़रीज़ और जेपी मॉर्गन से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
25 अगस्त को अरबिंदो फार्मा ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा, "कंपनी ने अपनी बोर्ड बैठक के नतीजे के तहत 12 अगस्त 2023 को स्टॉक एक्सचेंजों को पहले ही सूचित कर दिया है कि वह यूजिया फार्मा स्पेशलिटीज लिमिटेड के बिजनेस के रिस्ट्रक्चरिंग की सभी संभावनाओं को तलाशने की प्रक्रिया में है। Eugia की पेरेंट कंपनी अरबिंदो फार्मा की स्थापना 1986 में पीवी रामप्रसाद रेड्डी, के. नित्यानंद रेड्डी और पेशेवरों के एक छोटे ग्रुप द्वारा की गई थी।