Upcoming IPO: आईपीओ में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए जरूरी खबर है। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने दो कंपनियों के आईपीओ को मंजूरी दे दी है। इनमें से पहले कंपनी आईटी हार्डवेयर और मोबाइल एक्सेसरीज फर्म बालाजी सॉल्यूशंस (Balaji Solutions) है। वहीं दूसरी कंपनी वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स (Enviro Infra Engineers) है। इन कंपनियों ने अगस्त और सितंबर 2022 के दौरान सेबी के पास अपने आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। इन्हें 23 जनवरी को ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल हुआ है। आईपीओ लाने से पहले किसी भी कंपनी के लिए ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।
Balaji Solutions IPO से जुड़ी डिटेल
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, बालाजी सॉल्यूशंस के आईपीओ के तहत 120 करोड़ रुपये तक के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप एंटिटी द्वारा 75 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत की जाएगी। ओएफएस के हिस्से के रूप में राजेंद्र सेकसरिया, और राजेंद्र सेकसरिया HUF अपने शेयरों की बिक्री करेंगे। कंपनी 24 करोड़ रुपये तक के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है। यदि ऐसा प्लेसमेंट पूरा हो जाता है, तो नए इश्यू का आकार कम हो जाएगा।
इश्यू से मिलने वाली रकम में से 86.60 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी की इंक्रीमेंटल वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। बालाजी सॉल्यूशंस एक आईटी हार्डवेयर और पेरिफेरल्स और मोबाइल एसेसरीज कंपनी है जो अपने प्रमुख ब्रांड "Foxin" के तहत प्रोडक्ट्स के निर्माण और ब्रांडिंग के बिजनेस में लगी हुई है।
Enviro Infra Engineers IPO से जुड़ी डिटेल
ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स के आईपीओ के तहत ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) नहीं होगा। इसके तहत 95 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी। कंपनी आईपीओ के जरिए जुटाए गए फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों को पूरा करने के लिए करेगी. Enviro Infra Engineers सरकारी अथॉरिटी के लिए पानी और वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स और वाटर सप्लाई स्कीम प्रोजेक्ट्स के डिजाइन, कंस्ट्रक्शन, ऑपरेशन और मेंटेनेंस में लगी हुई है।