Bharat Coking Coal IPO: भारत कोकिंग कोल का 1,071.11 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) शुक्रवार 9 जनवरी को खुलते ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। यह 2026 का यह पहला मेनबोर्ड आईपीओ है। आईपीओ बोली के पहले ही दिन महज करीब 25 मिनट के भीतर ही पूरी तरह भर गया। इसमें रिटेल और नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NII) की मजबूत भागीदारी देखने को मिली।
NSE और BSE के आंकड़ो के मुताबिक, दोपहर 12:45 बजे तक यह आईपीओ कुल 3.39 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित कोटा में 4.58 गुना अधिक बोली मिली। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की कैटेगरी में सबसे अधिक 5.46 गुना सब्सक्रिप्शन देखने को मिली। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की हिस्सेदारी शुरुआती कारोबार में सुस्त रही और यह कैटेगरी अभी तक केवल 2 प्रतिशत ही भरी थी।
आईपीओ का प्राइस बैंड 21 से 23 रुपये तय
आईपीओ खुलने से एक दिन पहले, 8 जनवरी को भारत कोकिंग कोल ने एंकर निवेशकों से 273.13 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस दौरान 23 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 11.87 करोड़ शेयर अलॉट किए गए। एंकर निवेशकों में लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) सबसे बड़ा निवेशक रहा, जबकि निप्पॉन लाइफ इंडिया म्यूचुअल फंड और बंधन म्यूचुअल फंड ने भी अहम हिस्सेदारी ली।
एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आईपीओ को मिली तेज प्रतिक्रिया कोल इंडिया की वैल्यू अनलॉकिंग रणनीति का संकेत है। लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग के अनुसार, भारत कोकिंग कोल का आईपीओ सिर्फ एक सामान्य लिस्टिंग नहीं है, बल्कि यह कोल इंडिया के लिए अपनी सब्सिडियरी में छिपी वैल्यू को सामने लाने की रणनीतिक पहल है। उनका कहना है कि इससे लंबी अवधि में पैरेंट और सब्सिडियरी, दोनों के शेयरधारकों को फायदा मिल सकता है और FY2030 तक यह रणनीति एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त शेयरहोल्डर वैल्यू पैदा कर सकती है।
13 जनवरी तक खुला है आईपीओ
यह आईपीओ 9 जनवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है और 13 जनवरी को बंद होगा। शेयरों का अलॉटमेंट 14 जनवरी को होने की उम्मीद है, जबकि बीएसई और एनएसई पर इसकी संभावित लिस्टिंग 16 जनवरी को हो सकती है। इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स सर्विसेज और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज हैं, जबकि रजिस्ट्रार की भूमिका केफिन टेक्नोलॉजीज निभा रही है।
Bharat Coking Coal IPO GMP
मार्केट ऑब्जर्वर्स के मुताबिक, भारत कोकिंग कोल के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) फिलहाल करीब 40 फीसदी या 9.25 रुपये चल रहा है।अगर IPO का इश्यू प्राइस ₹23 प्रति शेयर (ऊपरी प्राइस बैंड) माना जाए, तो इसके आधार पर शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत करीब ₹32.25 बनती है। इस तरह, निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 40.22 फीसदी का संभावित मुनाफा मिल सकता है।
हालांकि, ध्यान रखने वाली बात यह है कि GMP सिर्फ बाजार की धारणा दिखाता है, यह कोई पक्का संकेत नहीं होता। असल लिस्टिंग गेन बाजार की स्थिति और निवेशकों की मांग पर निर्भर करता है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।