Bharti Hexacom IPO : भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के बोर्ड ने अपनी सब्सिडियरी कंपनी भारती हेक्साकॉम (Bharti Hexacom) के आईपीओ को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में आज 20 जनवरी को यह जानकारी दी। भारती हेक्साकॉम ने मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास आईपीओ के लिए ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया है। देश की तीन दिग्गज टेलीकॉम कंपनियों में से एक भारती एयरटेल की भारती हेक्साकॉम में 70 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, शेष 30 फीसदी हिस्सेदारी भारत सरकार के पास है।
भारती हेक्साकॉम के IPO के तहत 5 रुपये की फेस वैल्यू के 10 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत के तहत की जाएगी। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार यह कंपनी की पेड-अप शेयर कैपिटल का 20 फीसदी है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ऑफर में फ्रेश इक्विटी शेयर जारी नहीं होंगे।
रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा गया है, "कंपनी ने टेलीकॉम कंसल्टेंट इंडिया लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित आईपीओ के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास 19 जनवरी 2024 को एक DRHP दाखिल किया है।" कंपनी ने आगे कहा यह आईपीओ पूरी तरह से ओएफएस है, इसलिए भारती हेक्साकॉम को आईपीओ से कोई आय प्राप्त नहीं होगी।
भारत सरकार बेचेगी 20% हिस्सेदारी
आईपीओ के तहत भारत सरकार भारती हेक्साकॉम में OFS के जरिए 20% हिस्सेदारी बेचेगी। OFS के तहत बेचे जाने वाले 10 करोड़ शेयर वर्तमान में पब्लिक सेक्टर कंपनी टेलीकॉम कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड के पास हैं। भारती ग्रुप का लास्ट IPO भारती इंफ्राटेल का था, जिसे अब इंडस टावर्स के नाम से जाना जाता है। यह कंपनी साल 2012 में लिस्ट हुई थी। इस खबर के बीच Bharti Airtel के शेयरों में आज 3.68 फीसदी की तेजी आई है और यह स्टॉक 1127 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।