Upcoming IPO : तीन कंपनियों के आईपीओ को SEBI की मंजूरी, जानिए क्या है प्लान

Upcoming IPO : मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने तीन कंपनियों के आईपीओ को मंजूरी दे दी है। इनमें BLS E-Services, Jyoti CNC Automation और Popular Vehicles & Services शामिल हैं। सेबी ने 15 दिसंबर को ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन और पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज को ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया है

अपडेटेड Dec 20, 2023 पर 9:07 PM
मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने तीन कंपनियों के आईपीओ को मंजूरी दे दी है।

Upcoming IPO : आईपीओ निवेशकों के लिए जरूरी खबर है। मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने तीन कंपनियों के आईपीओ को मंजूरी दे दी है। इनमें BLS E-Services, Jyoti CNC Automation और Popular Vehicles & Services शामिल हैं। सेबी ने 15 दिसंबर को ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन और पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज को ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया है, जबकि BLS E-Services को 12 दिसंबर को यह लेटर जारी किया गया है। किसी भी कंपनी के लिए आईपीओ लाने से पहले सेबी का ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।

Jyoti CNC IPO

कम्प्यूटराइज्ड न्यूमेरिकल कंट्रोल मशीन बनाने वाली कंपनी ज्योति सीएनसी ने इस साल सितंबर में आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। कंपनी इसके जरिए 1,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके तहत 1,000 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें OFS के तहत कोई बिक्री नहीं होगी।


कंपनी आईपीओ से होने वाली आय में से 450 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करेगी। 300 करोड़ रुपये लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए खर्च किया जाएगा। इसके अलावा, शेष फंड का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

Jyoti CNC की ग्लोबल सीएनसी मशीन इंडस्ट्री में 12वीं सबसे बड़ी बाजार हिस्सेदारी है। गुजरात स्थित यह कंपनी एयरोस्पेस और डिफेंस, ऑटो और ऑटो कंपोनेंट्स, जनरल इंजीनियरिंग, ईएमएस और डाई और मोल्ड जैसे इंडस्ट्री को कस्टमाइज्ड सॉल्यूशन प्रदान करती है। इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर इक्विरस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज और SBI कैपिटल मार्केट्स हैं।

Popular Vehicles and Services IPO

ऑटोमोटिव डीलरशिप से जुड़ी कंपनी पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज ने इस साल सितंबर में फिर से आईपीओ कागजात दाखिल किए। इससे पहले कंपनी ने अगस्त 2021 में आईपीओ कागजात दाखिल किए थे, लेकिन कमजोर बाजार के चलते इस प्लान को टाल दिया गया था।

इस इश्यू के तहत 250 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, बैनयट्री ग्रोथ कैपिटल II, एलएलसी द्वारा 1.42 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री OFS के तहत की जाएगी।

केरल स्थित यह कंपनी ऑटोमोटिव रिटेल वैल्यू चेन में मौजूदगी के साथ देश की लीडिंग डायवर्सिफाइड ऑटोमोटिव डीलरशिप है। कंपनी फंड का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। ICICI सिक्योरिटीज, नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट और सेंट्रम कैपिटल ऑफर के लिए मर्चेंट बैंकर के रूप में कार्य कर रहे हैं।

BLS E-Services IPO

वीजा और इमीग्रेशन सर्विसेज कंपनी BLS इंटरनेशनल सर्विसेज की सब्सिडियरी कंपनी BLS ई-सर्विसेज ने अगस्त 2023 में सेबी के साथ अपने आईपीओ कागजात दाखिल किए हैं। पब्लिक इश्यू के तहत कंपनी द्वारा 2.41 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें OFS के तहत कोई बिक्री नहीं होगी।

कंपनी फंड का इस्तेमाल नई क्षमताओं को विकसित करने और मौजूदा प्लेटफार्मों को मजबूत करने के लिए अपने टेक्नोलॉजी इन्फ्रॉस्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए करेगी। फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा, बीएलएस स्टोर स्थापित करने के लिए किया जाएगा। यूनिस्टोन कैपिटल इस इश्यू का एकमात्र बुक-रनिंग लीड मैनेजर है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।