Canara Robeco AMC IPO : केनरा बैंक (Canara Bank) अपनी म्यूचुअल फंड सब्सिडियरी कंपनी Canara Robeco AMC को शेयर बाजार में लिस्ट करने जा रहा है। बैंक ने आज 27 दिसंबर को यह जानकारी दी। हालांकि, बैंक ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस प्लान को कब तक एग्जीक्यूट किया जाएगा। बैंक ने कहा कि लिस्टिंग से जुड़े फैसले उचित समय पर लिए जाएंगे। इस खबर के बीच आज केनरा बैंक के शेयरों में 1.61 फीसदी की तेजी देखी गई और यह शेयर 432.25 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
Canara Bank ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि केनरा बैंक ने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के माध्यम से स्टॉक एक्सचेंजों में अपनी म्यूचुअल फंड सब्सिडियरी कंपनी केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड को लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है। हालांकि यह तय प्रक्रियाओं, सही समय, रेगुलेटरी अप्रुवल के अधीन है।"
लिस्ट होने वाली पांचवीं म्यूचुअल फंड कंपनी
लिस्ट होने के बाद यह HDFC AMC, निप्पॉन लाइफ इंडिया AMC, UTI एसेट मैनेजमेंट कंपनी और आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC के बाद भारत में लिस्ट होने वाली पांचवीं म्यूचुअल फंड कंपनी होगी। कैनरा बैंक ने आगे कहा, "बैंक लागू नियमों के अनुसार जब भी जरूरत होगी, इसके संबंध में सभी मटेरियल डेवलपमेंट की घोषणा करेगा।"
1993 में कैनबैंक म्यूचुअल फंड के रूप में इस कंपनी की स्थापना की गई थी। केनरा बैंक द्वारा डच एसेट मैनेजर Robeco Group के साथ साझेदारी के बाद 2007 में इसका नाम बदलकर केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड कर दिया गया। नवंबर 2023 तक केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड का एसेट अंडर मैनेजमेंट 78,398.51 करोड़ रुपये है।