Capital Foods IPO : चिंग्स सीक्रेट नूडल्स बनाने वाली कंपनी कैपिटल फूड्स लिमिटेड आईपीओ लाने पर विचार कर रही है। कंट्रोलिंग स्टेक बेचने के लिए कंपनी संभावित खरीदारों के साथ कई महीनों से बातचीत कर रही थी, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकल सका। इसके बाद अब कंपनी आईपीओ लाने का फैसला कर सकती है। यह सूचना मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने मनीकंट्रोल को दी है। बता दें कि कैपिटल फूड्स का मालिकाना हक Invus Group, जनरल अटलांटिक और फाउंडर चेयरमैन अजय गुप्ता के पास है।
कई बड़ी कंपनियों से चल रही है बातचीत
सूत्रों ने बताया कि मुंबई स्थित कैपिटल फूड्स संभावित खरीदारों के साथ बातचीत कर रही है, जिसमें बड़े डोमेस्टिक और फॉरेन फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) कंपनियों का एक ग्रुप शामिल है। हालांकि, वैल्यूएशन को लेकर मतभेद के चलते बातचीत हाल ही में धीमी हो गई है। सूत्रों ने आगे कहा कि मालिकों को लगता है कि पब्लिक मार्केट लिस्टिंग से बेहतर वैल्यूएशन हासिल करने में मदद मिलेगी। कैपिटल फूड्स, जनरल अटलांटिक और Invus Group को भेजे गए ईमेल के सवालों का रिपोर्ट पब्लिश होने तक कोई जवाब नहीं मिला।
कई फूड प्रोडक्ट्स बेचती है कंपनी
कैपिटल फूड्स कई तरह के चीनी और इटालियन फूड प्रोडक्ट्स बेचती है, जिसमें चिंग्स सीक्रेट इंस्टेंट चाइनीज नूडल्स, सूप, मसाले, करी पेस्ट और फ्रोजन एंट्री के साथ-साथ अदरक लहसुन पेस्ट, सॉस और बेक्ड बीन्स की स्मिथ एंड जोन्स रेंज शामिल है।
TCPL के साथ फाइनल स्टेज में थी बातचीत
रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी ने पहली बार साल 2022 में कंट्रोलिंग स्टेक बेचने का फैसला किया और तब से बातचीत चल रही है। इस बातचीज में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL), Nestle SA और Kraft Heinz Co सहित अन्य ने दिलचस्पी दिखाई है।
रिपोर्ट्स से पता चलता है कि कंपनी 1.5 अरब डॉलर (12,442 करोड़ रुपये) का वैल्यूएशन चाहती है। इकोनॉमिक टाइम्स ने सितंबर में रिपोर्ट दी थी कि TCPL 5,500 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर कैपिटल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की 65-70 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए बातचीत के फाइनल स्टेज में थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि TCPL को शुरुआत में तीन निवेशकों से हिस्सेदारी खरीदनी थी, शेष हिस्सेदारी भविष्य में हासिल करने का विकल्प था। सेल प्रोसेस ने आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, Orkla, Nissin Foods और McCormick सहित कई मल्टीनेशनल और घरेलू कंपनियों को अट्रैक्ट किया है।
कैपिटल फूड्स की स्थापना गुप्ता ने 1995 में की थी। फ्यूचर ग्रुप के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) किशोर बियानी फर्म के पहले बाहरी समर्थक थे। उन्होंने 13 करोड़ रुपये में कंपनी में 33 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी और 2013 में इससे बाहर हो गए। जनरल अटलांटिक 2018 में बोर्ड में आए।
घरेलू चाइनीज फूड मार्केट में 15 फीसदी से अधिक की CAGR दर्ज करने की उम्मीद है, और उद्योग के अनुमान के अनुसार सबसे अधिक हिस्सेदारी चीनी सॉस की होने की उम्मीद है। इंडस्ट्री के अनुमान के अनुसार वित्तीय वर्ष 2022-23 में करीब 500 करोड़ रुपये का रेवेन्यू जनरेट होने की उम्मीद है।