हाउसहोल्ड प्रोडक्ट और स्टेशनरी बनाने वाली कंपनी सेलो वर्ल्ड लिमिटेड ने आईपीओ से पहले एंकर निवेशकों से 567 करोड़ रुपये जुटाए हैं। बीएसई की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक सर्कुलर के अनुसार, कंपनी ने 39 फंड्स को 648 रुपये प्रति शेयर पर कुल 86.5 लाख इक्विटी शेयर अलोकेट करने का फैसला किया है। मॉर्गन स्टेनली एशिया (सिंगापुर) पीटीई लिमिटेड, बीएनपी पारिबा आर्बिट्रेज, सीएलएसए ग्लोबल मार्केट्स पीटीई लिमिटेड, रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी, बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, एडलवाइस म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड और एचडीएफसी म्यूचुअल फंड एंकर निवेशकों में शामिल हैं।
सेलो वर्ल्ड का आईपीओ 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खुला रहेगा और पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा। कंपनी का मकसद इस इश्यू से 1900 करोड़ रुपये जुटाना है। इस ऑफर में पात्र कर्मचारियों की ओर से सब्सक्रिप्शन के लिए 10 करोड़ रुपये तक के शेयर रिजर्व रखे गए हैं। आईपीओ के लिए प्राइस बैंक 617 रुपये से 648 रुपये प्रति शेयर है। OFS के तहत प्रदीप घीसूलाल राठौड़, पंकज घीसूलाल राठौड़, गौरव प्रदीप राठौड़, संगीता प्रदीप राठौड़, बबीता पंकज राठौड़ और रुचि गौरव राठौड़ शेयरों की बिक्री करेंगे।
क्या-क्या बनाती हैं कंपनी
सेलो वर्ल्ड तीन कैटेगरी में प्रोडक्ट बनाती है- कंज्यूमर हाउसवेयर, राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स और स्टेशनरी, मोल्डेड फर्नीचर और संबंधित प्रोडक्ट्स। 2017 में, इसने 'सेलो' ब्रांड के तहत ग्लासवेयर और ओपल वेयर व्यवसाय में कदम रखा था। 31 मार्च 2023 तक कंपनी की 5 अलग-अलग जगहों पर 13 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी थीं- दमन, हरिद्वार (उत्तराखंड), बद्दी (हिमाचल प्रदेश), चेन्नई (तमिलनाडु) और कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। यह राजस्थान में कांच के बर्तन की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित कर रही है।
9 नवंबर को हो सकती है लिस्टिंग
कंपनी के शेयर BSE और NSE दोनों में लिस्ट किए जाएंगे। सब्सक्रिप्शन के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 6 नवंबर तक होने की संभावना है। वहीं, 8 नवंबर तक सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट्स में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। स्टॉक 9 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकता है। कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, ICICI सिक्योरिटीज, IIFL सिक्योरिटीज, जेएम फाइनेंशियल और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं। लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है।