आईटी फर्म Cyient की सब्सिडियरी कंपनी Cyient DLM का आईपीओ 27 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशक इस आईपीओ में 30 जून तक निवेश कर सकेंगे। इसके अलावा, एंकर निवेशक के लिए यह आईपीओ 26 जून को ही खुल जाएगा। कंपनी ने इश्यू के लिए 250-265 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ का साइज को 740 करोड़ रुपये से घटाकर 592 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, यानी इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत शेयरों की बिक्री नहीं होगी। इसका मतलब है कि कंपनी आईपीओ की पूरी आय का इस्तेमाल कर सकती है। Cyient Ltd की Cyient DLM में 92.84 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी है।
Cyient DLM ने 40.75 लाख इक्विटी शेयरों का प्री-आईपीओ प्लेसमेंट शुरू किया है, जो पहले के 140 करोड़ रुपये से घटकर 108 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा आरक्षित किया है। इसके अलावा, नॉन-इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 15 फीसदी और खुदरा निवेशकों के लिए 10 फीसदी हिस्सा रिजर्व है।
साइएंट डीएलएम के आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 5 जुलाई को फाइनल होगा। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू हो जाएगी। शेड्यूल के मुताबिक Cyient DLM के शेयर 10 जुलाई को एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी का मूल्य 2000 करोड़ रुपये है। आईपीओ से होने वाली शुद्ध आय का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स के लिए होगा। इसके अलावा, फंड का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर, कर्ज के भुगतान और अन्य सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। रेड-हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, एक्सिस कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल आईपीओ के लिए बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज को इश्यू के रजिस्ट्रार के रूप में नियुक्त किया गया है।
Cyient DLM एंड-टू-एंड (E2E) मैन्युफैक्चरिंग, असेंबली और रीपेयर क्षमताओं और री-इंजीनियरिंग सर्विसेज उपलब्ध कराती है। कंपनी का फोकस एयरोस्पेस, डिफेंस, मेटिकल, एनर्जी, रेलवे और अन्य इंडस्ट्रीज जैसे सेक्टर्स पर है। कंपनी ने पिछले साल एंथोनी मोंटालबानो को अपना CEO नियुक्त किया था। मार्च 2023 तिमाही में ऑपरेशन से कंपनी का राजस्व 15 फीसदी बढ़कर 832 करोड़ रुपये हो गया। इस अवधि में कंपनी का मुनाफा 4 फीसदी बढ़कर 31.7 करोड़ रुपये हो गया।