Dharmaj Crop Guard IPO: एग्रोकेमिकल सेक्टर की दिग्गज कंपनी धर्मज क्रॉप गार्ड का आईपीओ अगले हफ्ते सोमवार 28 नवंबर को खुलेगा। 251 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के तहत 216 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। ग्रे मार्केट में इसके शेयरों को लेकर बेहतर रूझान दिख रहा है और यह 65 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर ट्रेड हो रहा है। हालांकि जानकारों के मुताबिक सिर्फ ग्रे मार्केट से मिले संकेतों के आधार पर निवेश करना सही नहीं है। इसकी बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर फैसला लेना चाहिए। इस इश्यू के तहत 30 नवंबर 2022 तक बोली लगा सकेंगे।
Dharmaj Crop Guard इश्यू के बारे में डिटेल्स
धर्मज क्रॉप गार्ड के 251 करोड़ रुपये के इश्यू के तहत 216 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 35 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत बिक्री होगी। इश्यू के लिए 216-237 रुपये का प्राइस बैंड और 60 शेयरों का लॉट साइज तय है यानी कि खुदरा निवेशकों को प्राइस बैंड के अपर प्राइस के हिसाब से कम से कम 14220 रुपये लगाने होंगे। शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये है।
इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB), 15 फीसदी हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (NII) और 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। शेयरों का अलॉटमेंट 5 दिसंबर को फाइनल होगा और लिस्टिंग 8 दिसंबर को है। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल गुजरात के सायखा में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने और वर्किंग कैपिटल की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। इसका अलावा कंपनी अपने कुछ कर्ज को चुकाने में भी इस रकम का इस्तेमाल करेगी।
Dharmaj Crop Guard कंपनियों और सीधे किसानों के लिए कीटनाशक, फंगीसाइड्स, हर्बीसाइड्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, सूक्ष्म उर्वरक और एंटीबायोटिक जैसे कई एग्रो केमिकल फॉर्मूलेशन को बनाती है। कंपनी के उत्पादों को लैटिन अमेरिका, पूर्वी अफ्रीकी देशों, खाड़ी देशों और पूर्वी एशिया के 25 से अधिक देशों को निर्यात किया जाता है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसका मुनाफा 37 फीसदी बढ़कर 28.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 394.2 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं मौजूदा वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में कंपनी ने 220.9 करोड़ रुपये का रेवन्यू और 18.4 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।