Dosti Realty अगले 1-2 साल में ला सकती है आईपीओ, जानिए क्या है कंपनी का प्लान

Dosti Realty IPO : दीपक गोराडिया ने मनीकंट्रोल को बताया कि बैंकरों के साथ इस समय चर्चा चल रही है और आईपीओ से जुटाई गई पूंजी को कंपनी की विस्तार योजनाओं और डेट-रि-पेमेंट स्ट्रेटेजी में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय यह कहना मुश्किल है कि वे कितना जुटाएंगे, लेकिन फिर भी संभावना का मूल्यांकन कर रहे हैं

अपडेटेड Mar 26, 2024 पर 5:40 PM
मुंबई स्थित दोस्ती रियल्टी लिमिटेड (DRL) फंड जुटाने के लिए आईपीओ लाने पर विचार कर रही है।

Dosti Realty IPO : मुंबई स्थित दोस्ती रियल्टी लिमिटेड (DRL) फंड जुटाने के लिए आईपीओ लाने पर विचार कर रही है। कंपनी ने ठाणे और भिवंडी बेल्ट में वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में विस्तार की योजना बनाई है। इसके साथ ही कंपनी अगले 1 से दो साल के भीतर आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, कंपनी ने साफ तौर पर यह नहीं बताया है कि आईपीओ के तहत कितना फंड जुटाया जाएगा। दोस्ती रियल्टी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक गोराडिया ने मनीकंट्रोल को एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी है।

दोस्ती रियल्टी के चेयरमैन और MD का बयान

दीपक गोराडिया ने मनीकंट्रोल को बताया कि बैंकरों के साथ इस समय चर्चा चल रही है और आईपीओ से जुटाई गई पूंजी को कंपनी की विस्तार योजनाओं और डेट-रि-पेमेंट स्ट्रेटेजी में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय यह कहना मुश्किल है कि वे कितना जुटाएंगे, लेकिन फिर भी संभावना का मूल्यांकन कर रहे हैं।


दोस्ती रियल्टी मुंबई रियल एस्टेट मार्केट में अपनी एक्टिव प्रेजेंस के लिए जानी जाती है। कंपनी ने 2023 की पहली छमाही में पुणे में विस्तार किया। कंपनी अब मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में प्राइम सोसाइटी री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स और गुजरात में संभावित वेंचर्स पर नजर रख रही है।

अक्टूबर 2023 में क्रेडिट रेटिंग एजेंसी CARE ने जारीकर्ता द्वारा असहयोग का हवाला देते हुए कंपनी की क्रेडिट रेटिंग (CARE D) वापस ले ली। CARE ने DRL द्वारा लिए गए लोन की अदायगी में देरी के उदाहरणों पर भी प्रकाश डाला।

कंपनी का पब्लिक होने का निर्णय रियल एस्टेट सेक्टर में एक ट्रेंड के समान है, जिसमें कई कंपनियां पूंजी जुटाने के लिए आईपीओ का विकल्प चुनती हैं। हाल के वर्षों में कई रियल एस्टेट कंपनियां धन जुटाने के लिए कैपिटल मार्केट का रुख कर रही हैं।

मुंबई में कीस्टोन रियल्टर्स (Keystone Realtors), जिसे रुस्तमजी ग्रुप के नाम से भी जाना जाता है, दो साल पहले लिस्ट हुआ था। मैक्रोटेक डेवलपर्स (Macrotech Developers) जिसे लोढ़ा ग्रुप के नाम से भी जाना जाता है, पिछले पांच सालों में लिस्ट हुआ है। इसके अलावा आर्केड डेवलपर्स (Arkade Developers) आने वाले दिनों में एक्सचेंज के साथ लिस्ट होने की योजना बना रहे हैं। इसके साथ ही, मुंबई और ठाणे स्थित एक प्रमुख डेवलपर हीरानंदानी ग्रुप भी आईपीओ पर विचार कर रहा है, लेकिन उसने 2024 में आईपीओ योजना से इनकार कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।