DreamFolks Services IPO: आज खुला इश्यू, क्या आपको इसमें निवेश करना चाहिए?
Dreamfolks Services IPO: देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म, ड्रीमफोक्स सर्विसेज का आईपीओ आज 24 अगस्त से बोली के लिए खुल चुका है
MoneyControl News
अपडेटेड Aug 24, 2022 पर 2:30 PM
Dreamfolks Services का IPO शुक्रवार 26 अगस्त तक बोली लगाने के लिए खुला रहेगा
Dreamfolks Services IPO: एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म ड्रीमफोक्स सर्विसेज (Dreamfolks Services) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आज 24 अगस्त से बोली के लिए खुल चुका है। यह अगस्त महीने में लॉन्च होने वाला दूसरा IPO है। इससे पहले सिरमा SGS टेक्नोलॉजी का IPO इसी हफ्ते बंद हुआ था।
ड्रीमफोक्स सर्विसेज का IPO शुक्रवार 26 अगस्त तक बोली लगाने के लिए खुला रहेगा। कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड 308 से 326 रुपये तय किया है। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब, कंपनी अपने IPO से 562.1 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। Dreamfolks Services का IPO पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है, जिसके तहत कंपनी के प्रमोटर और मौजूदा निवेशक अपने शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।
ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत प्रमोटर और शेयरहोल्डर कुल 17,242,368 शेयरों की बिक्री के लिए रखेंगे। इसमें से 6,531,200 शेयर मुकेश यादव की तरफ से, 6,531,200 शेयर दिनेश नागपाल की तरफ से और करीब 4,179,968 शेयरों को लिबर्था पीटर कलाट की तरफ से ब्रिकी के लिए रखा जाएगा।
एंकर निवेशकों से जुटाए 253 करोड़ रुपये
Dreamfolks Services ने आईपीओ खुलने से एक दिन पहले मंगलवार 23 अगस्त को एंकर निवेशकों से 252.94 करोड़ रुपये जुटा लिए। कंपनी ने 18 एंकर निवेशकों को 326 रुपये प्रति शेयर के भाव पर कुल 77,59,066 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। कंपनी के एंकर इनवेस्टर्स में स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड इंक, सेंट कैपिटल फंड, मैथ्यूज एशिया फंड्स, सोसिएट जनरली और सेगांटी इंडिया मारिशस सहित कुछ दूसरी कंपनियां हैं।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
रिसर्च फर्म KR Choksey ने मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में ड्रीमफोक्स सर्विसेज के IPO को 'सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है। KR Choksey ने कंपनी देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म है और इसका बिजनेस मॉडल भी अनोखा और अच्छा है। रिसर्च फर्म ने कहा कि ड्रीमफोक्स देश में सबसे पहले लाउंस एक्सेस एग्रीगेटर इंडस्ट्री में उतरी थी, जिसका उसे फायदा मिला है और यह घरेलू मार्केट में 80% मार्केट शेयर के साथ इसने दबदबे वाली स्थिति बना ली है। ऐसे में हम इस इश्यू को सब्सक्राइब करने की सिफारिश करते हैं।
क्या चल रहा है ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP)?
अनलिस्टेड मार्केट पर नजर रखने वाले जानकारों के मुताबिक, ड्रीमफोक्स सर्विसेज का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 65 रुपये या 15% चल रहा है। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट में ड्रीमफोक्स सर्विसेज के शेयर अपने 326 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड से 65 रुपये अधिक 391 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं और ग्रे मार्केट इसी भाव पर इसकी लिस्टिंग की उम्मीद कर रहा है। हालांकि जानकारों का यह भी कहना है कि निवेशकों को सिर्फ ग्रे मार्केट के आधार पर किसी भी इश्यू से निवेश करने से बचना चाहिए।
किस निवेशक के लिए कितना हिस्सा आरक्षित
कंपनी ने बताया कि IPO के तहत जारी 75 फीसदी शेयर क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) के लिए आरक्षित रहेंगे। वहीं 15 फीसदी शेयर नान-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए, जबकि बाकी 10 फीसदी शेयर रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रहेंगे।
न्यूनतम 46 शेयरों के लिए लगानी होगी बोली
एक निवेशक न्यूनतम 46 शेयरों और उसके बाद 46 के गुणांक में बोली लगा सकता है। इस तरह रिटेल निवेशकों को Dreamfolks Services के IPO की बोली लगाने के लिए न्यूनतम 14,996 रुपये निवेश करना होगा। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं। इस तरह 13 लॉट के लिए अधिकतम निवेश 1,94,948 रुपये होगा।
शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग की तारीख
कंपनी इनवेस्टर्स को 1 सितंबर को शेयर अलॉट करेगी। जिन इनवेस्टर्स को शेयर जारी नहीं होंगे, उन्हें 2 सितंबर को रिफंड मिल जाएगा। वहीं बोली में सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 5 सितंबर तक शेयर आ जाएंगे। 6 सितंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।
कंपनी के बारे में
Dreamfolks Services देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म है। यह यह कंपनी भारत में कारोबार करने वाले सभी कार्ड नेटवर्क्स को अपनी सेवाएं मुहैया कराती है। इसमें वीजा, मास्टरकार्ड, डिनर्स/डिस्कवर और रुपे आदि शामिल है। इसके अलावा यह ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, HDFC बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और SBI कार्ड्स सहित कार्ड जारी करने वाली देश की सभी प्रमुख बैंकों को भी सेवाएं देती है।
कंपनी की कुल 121 देशों में उपस्थिति है और कुल 1,416 टच-प्वाइंट्स हैं। इनमें से 244 टच-प्वाइंट्स भारत में और 1,172 टच-प्वाइंट्स विदेशों में हैं। कंपनी को देश में सबसे पहले लाउंस एक्सेस एग्रीगेटर इंडस्ट्री में उतरने के चलते अच्छी खासी बढ़त हासिल है और देश में सबसे पहले लाउंस एक्सेस एग्रीगेटर इंडस्ट्री में उतरी थी, जिसका उसे फायदा मिला है और यह घरेलू मार्केट में 80% मार्केट शेयर के साथ इसकी दबदबे वाली स्थिति है। इसके अलावा इसने भारत के 18 एयरपोर्ट्स पर मौजूद 57 रेस्टोरेंट्स और फूड एंड वेबरेजेस आउटलेट्स तक पहुंच मुहैया कराने के लिए विभिन्न संस्थाओं से भी पार्टनरशिप भी की है।
डिस्क्लेमर:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।