DroneAcharya Aerial Innovations IPO: पुणे की ड्रोन स्टार्टअप ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशंस (DroneAcharya Aerial Innovations) के 34 करोड़ रुपये के आईपीओ में पैसे लगाने का आज आखिरी मौका है। इस आईपीओ का ग्रे मार्केट में शानदार रुझान दिख रहा है। सुला विनयार्ड्स (Sula Vineyards), अबांस होल्डिंग्स (Abans Holdings) और लैंडमार्क कार्स (Landmark Cars) जैसे मेनबोर्ड आईपीओ का ग्रे मार्केट में रिस्पांस ठंडा है। इसमें से सिर्फ अबांस होल्डिंग्स के शेयरों की GMP ही पॉजिटिव में है और वह भी महज 2 रुपये। शेष दोनों की तो जीएमपी निगेटिव में है।
वहीं दूसरी तरफ ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशंस ग्रे मार्केट में 70 रुपये की शानदार GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम ) पर ट्रेड हो रहा है जबकि आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 52-54 रुपये है। इसका मतलब हुआ कि लिस्टिंग पर इसमें 130 फीसदी का मुनाफा मिल सकता है। हालांकि बाजार के जानकारों के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर ही निवेश का फैसला लेना चाहिए।
इश्यू से जुड़े पॉजिटिव-निगेटिव
ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशंस के निवेशक शंकर शर्मा के मुताबिक सर्वे, डिलीवरी और सर्विलांस के लिए ड्रोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में इस सेग्मेंट में तेज ग्रोथ की संभावना है। ड्रोनआचार्य ड्रोन टेक्नोलॉजी की कंपनी है। शंकर शर्मा के मुताबिक इस कंपनी ने कम समय में ही तेजी से ग्रोथ किया है और आगे भी इसका रास्ता शानदार दिख रहा है।
इसके अलावा हाल ही में ड्रोनआचार्य ने 46 लाख डॉलर का निवेश हासिल किया था जो किसी भी ड्रोन स्टार्टअप के लिए सबसे अधिक है। हालांकि इसके साथ निगेटिव यह है कि एसेट्स और रेवेन्यू के हिसाब से ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशंस का प्रॉफिट मार्जिन कम है।
DroneAcharya Aerial Innovations IPO की डिटेल्स
34 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत ड्रोनआचार्य 62.90 लाख नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। इसका 50 फीसदी हिस्सा QIB (क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स), 15 फीसदी हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) और 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। इस आईपीओ के तहत 15 दिसंबर तक पैसे लगा सकेंगे। इश्यू के लिए 52-54 रुपये का प्राइस बैंड और 2000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है यानी कि खुदरा निवेशकों को इसमें 1.08 लाख रुपये लगाने होंगे।
आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 20 दिसंबर को और लिस्टिंग 23 दिसंबर को होगी। इसके शेयरों की लिस्टिंग बीएसई एसएमई पर होगी। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी ड्रोन और अन्य चीजों की खरीदारी के साथ- साथ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
खुदरा निवेशकों का मिल रहा शानदार रिस्पास
ड्रोनआचार्य के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिल रहा है। यह इश्यू 13 दिसंबर को खुला था और अब तक यह 76.62 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। सबसे अधिक सब्सक्रिप्शन खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को मिला है और यह 174.55 गुना सब्सक्राइब हुआ है। क्यूआईबी के लिए आरक्षित हिस्सा 1.09 गुना और एनआईआई का 99.45 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
ड्रोनआचार्य एआई देश के उन पहले निजी कंपनियों में शुमार है जिसे इस साल DGCA (डायरेक्टरोट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) से RPTO (रिमोट पायलट ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन) का लाइसेंस मिला। इसने मार्च 2022 से लेकर अब तक 180 से अधिक ड्रोन पायलट्स को प्रशिक्षित किया है। इसने वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2022 में 3.09 करोड़ रुपये का कारोबार किया था और 72.06 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था। अब कंपनी जमीन और पानी के भीतर सर्वे के लिए पूरी तरह से स्वदेशी ड्रोन बनाने पर काम कर रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।