Q&T Foods IPO Listing: बेकरी प्रोडक्ट्स बनाने वाली क्यूएंडटी फूड्स के शेयरों की आज BSE SME पर फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और खुदरा निवेशकों के दम पर ओवरऑल 1.41 गुना बोली मिली थी। इसके आईपीओ के तहत ₹115 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹115.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। आईपीओ निवेशकों को फ्लैट लिस्टिंग के बाद और झटका तब लगा, जब शेयरों में कोई मूवमेंट ही नहीं दिखा। फिलहाल यह ₹115.00 (Q&T Foods Share Price) पर बना हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशक अभी न फायदे में हैं, न घाटे में।
Q&T Foods IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
क्यूएंडटी फूड्स का ₹26 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 12-14 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.42 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.20 गुना और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 2.64 ृगुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 22,82,400 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹4.42 करोड़ इक्विपमेंट्स की खरीदारी, ₹7.50 करोड़ वर्किंग कैपिटल की फाइनेंसिंग, ₹6.75 करोड़ कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
क्यूएंडटी फू्ड्स बेकरी प्रोडक्ट्स बनाती है। यह अपने फ्लैगशिप ब्रांड अमेरिकन बेकर्स (American Bakers) के जरिए ब्रेड, बन, पिज्जा बेस, कुल्चा, पाव और बेकरी के अन्य प्रोडक्ट्स तैयार कर बिक्री करती है। इसका कारोबार मुख्य रूप से यूपी और इसके आस-पास के जगहों में फैला हुआ है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना करीब 63% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹5.20 करोड़ और टोटल इनकम करीब 17% के सीएजीआर से ₹54.78 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹11.05 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹7.44 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।