Behari Lal IPO Listing: इंटीग्रेटेड आयरन और स्टील मैन्युफैक्चरिंग कंपनी बेहरी लाल इंजीनियरिंग के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 118 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹285 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹458.00 और NSE पर ₹465.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 63% तक का लिस्टिंग गेन (Behari Lal Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹482.35 (Behari Lal Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 69.25% मुनाफे में हैं।
Behari Lal IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
बेहरी लाल इंजीनियरिंग का ₹302 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 12-14 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 118.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 222.04 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 167.95 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 54.12 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹93 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 73,20,001 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹19.59 करोड़ मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी 1 और ₹36.65 करोड़ मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी 2 के लिए नए इक्विपमेंट/मशीनरी की खरीदारी और इंस्टॉलेशन और सिविल वर्क्स तो ₹3.40-₹3.40 करोड़ मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी 1 और फैसिलिटी 2 के लिए नए रूफ-टॉप सोलर पैनल्स की खरीदारी और इंस्टॉलेशन, ₹57 लाख कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Behari Lal Engineering के बारे में
बेहरी लाल इंजीनियरिंग एक इंटीग्रेटेड आयरन और स्टील मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। यह जरूरी इंडस्ट्रियल कामों के लिए सटीक इंजीनियरिंग वाले पार्ट्स बनाती है, जिनमें मेटल रोल, इंजीनियरिंग कास्टिंग, अलॉय स्टील प्रोडक्ट, फोर्जिंग इंगॉट और शॉफ्ट शामिल हैं। इसका कारोबार देश-विदेश में फैला हुआ है। 31 मई, 2026 तक, कंपनी की ऑर्डर बुक ₹178.57 करोड़ की थी।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 34% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹64.64 करोड़ और टोटल इनकम 10% से अधिक के सीएजीआर से ₹546.52 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹17.78 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹267.06 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।