Get App

EaseMyTrip IPO: मार्च से पहले कंपनी लाएगी IPO, 510 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी

EaseMyTrip IPO: कंपनी को 30 जनवरी 2020 को IPO लाने की मंजूरी मिली थी, मार्च तक इश्यू नहीं लाने पर दोबारा लेनी होगी अनुमति

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 13, 2021 पर 7:38 PM
EaseMyTrip IPO: मार्च से पहले कंपनी लाएगी IPO, 510 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी

EaseMyTrip IPO। ईज़ी माय ट्रिप IPO लाने वाली देश की पहली ऑनलाइन ट्रैवल फर्म बनने की तैयारी में है। कंपनी की योजना मार्च 2021 के अंत तक 510 करोड़ रुपए का IPO लाने की है। शेयर बाजार में लिक्विडिटी बढ़ने के बाद एक के बाद एक कई कंपनियां IPO लेकर आ रही हैं। EaseMyTrip भी इसी मौके का फायदा उठा रही है।

हालांकि कंपनी के लिए मौजूदा दौर में निवेशकों से पैसा जुटाना मुश्किल हो सकता है क्योंकि कोरोनावायरस संक्रमण के कारण ट्रैवल सेक्टर को तगड़ा झटका लगा है। वैसे अब कोरोनावायरस की वैक्सीन आने से ट्रैवल इंडस्ट्री की उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं।

लाइव मिंट के मुताबिक एक सूत्र ने नाम जाहिर ना करने की शर्त पर बताया कि बाजार में लिक्विडिटी है जिससे IPO को सपोर्ट मिल रहा है। वैक्सीन आने के बाद कोरोनावायरस संक्रमण के मामले घटे हैं और खासतौर पर घरेलू ट्रैवल सेक्टर में सुधार देखा जाएगा।

ऑनलाइन ट्रैवल फर्म MakeMyTrip और Yatra की लिस्टिंग विदेश में है। ये भारत के शेयर बाजार में अभी तक लिस्ट नहीं हुई हैं। सूत्र ने बताया कि EaseMyTrip इस साल 31 मार्च से पहले IPO लाना चाहती है। इसके बाद सेबी से मिली अनुमति की डेडलाइन खत्म हो जाएगी। उस शख्स ने बताया कि अगर कंपनी मार्च अंत तक IPO नहीं ला पाती है तो इसका मतलब है कि EaseMyTrip को दोबारा सेबी की अनुमति लेने के लिए आवेदन देना होगा।

EaseMyTrip को 30 जनवरी 2020 को IPO लाने की अनुमति मिली थी। इस तरह की अनुमति की डेडलाइन एक साल होती है। लेकिन कोरोनावायरस संक्रमण के कारण मार्केट रेगुलेटर सेबी ने अक्टूबर से मार्च 2020 के बीच लैप्स होने वाली अनुमति की डेडलाइन बढ़ाकर 31 मार्च कर दी है। हालांकि इस मामले में EaseMyTrip के फाउंडर निशांत पिट्टी (Nishant Pitti) ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

दिसंबर 2020 में खत्म 9 महीनों में EaseMyTrip की ग्रॉस बुकिंग रेवेन्यू 62 फीसदी घटकर 1220.7 करोड़ रुपए रह गया जो पिछले सला 3179.8 करोड़ रुपए था। इस दौरान बुकिंग वॉल्यूम भी 40.5 लाख से घटकर 17.70  लाख रह गया। सेबी को सौंपे दस्तावेजों के मुताबिक, दिसंबर तक 9 महीनों में EaseMyTrip की आमदनी 81.57 करोड़ रुपए और नेट  प्रॉफिट 31 करोड़ रुपए का रहा। जबकि मार्च 2020 को खत्म फिस्कल ईयर में कंपनी की आमदनी 180 करोड़ रुपए और नेट प्रॉफिट 35 करोड़ रुपए का था।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें