Elin Electronics का IPO दूसरे दिन तक 95% सब्सक्राइब, ग्रे मार्केट में घटा क्रेज

Elin Electronics का IPO सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक 95 फीसदी सब्सक्राइब हो गया है। इस आईपीओ को अब तक 1.34 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं, जबकि ऑफर पर 1.42 करोड़ शेयर हैं

अपडेटेड Dec 21, 2022 पर 6:43 PM
फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर बनाने वाली देश की लीडिंग कंपनी Elin Electronics का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक 95 फीसदी सब्सक्राइब हो गया है।

Elin Electronics IPO Subscription Status: फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर बनाने वाली देश की लीडिंग कंपनी Elin Electronics का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक 95 फीसदी सब्सक्राइब हो गया है। इस आईपीओ को अब तक 1.34 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं, जबकि ऑफर पर 1.42 करोड़ शेयर हैं। इस आईपीओ में अब तक रिटेल इन्वेस्टर्स ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है। निवेशक इस इश्यू में 22 दिसंबर तक निवेश कर सकते हैं। इसके लिए 234-247 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी इस आईपीओ के ज़रिए 475 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके तहत, 275 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, प्रमोटरों और शेयरधारकों द्वारा 300 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।

अलग-अलग कैटेगरी में कितना हुआ सब्सक्रिप्शन

  • रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स (RII) - 1.33 गुना
  • क्वालिफाइड इंडिविजुअल बायर्स (QIB) - 1 फीसदी
  • नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) - 1.29 गुना

ऑफर का आधा हिस्सा QIB के लिए, 15 फीसदी हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए और बाकी 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है। रिटेल निवेशकों के लिए 60 शेयरों का लॉच है। 13 लॉट तक के लिए आवेदन किया जा सकता है।


ग्रे मार्केट में घटा क्रेज

ग्रे मार्केट में Elin Electronics आईपीओ का ग्रे मार्केट में क्रेज घटता जा रहा है। इस समय यह आईपीओ ग्रे मार्केट में 22 रुपये के प्रीमियर पर कारोबार कर रहा है। जबकि एक दिन पहले यह 48 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। ऐसे में यह बड़ी गिरावट है। वर्तमान जीएमपी के हिसाब से इश्यू 269 रुपये के भाव पर लिस्ट हो सकता है और निवेशकों को लगभग 9 फीसदी का मुनाफा होने की उम्मीद है।

क्या करती है कंपनी

Elin Electronics इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग सर्विसेज (EMS) प्रोवाइड करने वाली दिग्गज कंपनी है। यह देश के अहम लाइटिंग, फैन और किचन एप्लायंसेज ब्रांड्स को एंड टू एंड प्रोडक्ट सॉल्यूशन मुहैया कराती है। यह फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर मोटर्स बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार है। कंपनी की वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसे 1093 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था। जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 862 करोड़ रुपये था। वहीं, समान अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 34.86 करोड़ रुपये बढ़कर 39 करोड़ रुपये में पहुंच गया। सितंबर 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इस पर 102.42 करोड़ रुपये का नेट कर्ज था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।