Elin Electronics IPO: फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर मोटर्स बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार एलिन इलेक्ट्रॉनिक्स (Elin Electronics) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आज यानी 20 दिसंबर को खुल रहा है। और गुरुवार 22 दिसंबर को बंद होगा। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 234-247 रुपये तय किया है। Elin Electronics पहले 760 करोड़ रुपये का इश्यू लाने वाली थी। लेकिन बाद में उसने आईपीओ का साइज घटाकर 475 करोड़ रुपये कर दिया गया। यह दिसंबर महीने में लॉन्च होने वाला सातवां आईपीओ है। आइए इसके बारे में डिटेल से जानते हैं-
Elin Electronics का कुल आईपीओ साइज 475 करोड़ रुपये का है। इसमें से 175 करोड़ रुपये के कंपनी फ्रेश शेयर जारी करेगी। जबकि बाकी 300 करोड़ रुपये का कंपनी के प्रमोटरों और शेयरधारकों की तरफ से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लाया जाएगा।
रिटेल निवेशकों के लिए 35% आरक्षित
Elin Electronics के आईपीओ का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित रखा गया है। वहीं 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए आरक्षित रखा गया है, जबकि बाकी 35% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए रखा गया है।
Elin Electronics IPO: न्यूनतम 14,820 रुपये का करना होगा निवेश
Elin Electronics के आईपीओ में रिटेल निवेशक लॉट के हिसाब से बोली लगा सकते हैं। एक लॉट के कंपनी में 60 शेयर होंगे। 247 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से रिटेल निवेशकों को 60 रुपये के हिसाब से न्यूनतम 14,820 रुपये निवेश करने होंगे। अधिकतर 13 लॉट के लिए बोली लगाई जा सकती है।
Elin Electronics: निवेशकों को क्या करना चाहिए?
हेम सिक्योरिटीज ने इस आईपीओ को 'सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी का इश्यू प्राइस इसका P/E रेशियो FY22 के 26 गुना पर है। कंपनी ने फ्रैक्शन हॉर्सपावर मोटर सहिक कई वर्टिकल्स में अपनी बाजार उपस्थिति दमदारी से बनाई है। कंपनी के अपने ग्राहकों से रिश्ते शानदार हैं और इसने बैकवर्ड इंटीग्रेशन के जरिए अपनी दक्षता में सुधार किया है। इसके अलावा कंपनी का लगातार बेहतर वित्तीय नतीजे देने का रिकॉर्ड रहा है, जो इस इश्यू को अट्रैक्टिव बनाता है। रिलायंस सिक्योरिटीज ने भी अपनी रिपोर्ट में इस आईपीओ को 'सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है।
Elin Electronics: 27 दिसंबर को होगा शेयरों का अलॉटमेंट?
शेयरों का अलॉटमेंट 27 दिसंबर को फाइनल होगा और लिस्टिंग 30 दिसंबर को होगी। शेयरों की फेस वैल्यू 5 रुपये है। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए 88 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकता करने में किया जाएगा। 37.59 करोड़ रुपये का इस्तेमाल यूपी के गाजियाबाद और गोवा में मौजूदा प्लांट को अपग्रेड करने और विस्तार करने में किया जाएगा।
Elin Electronics: क्या है कंपनी का कारोबार?
यह इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग सर्विसेज (EMS) प्रोवाइड करने वाली दिग्गज कंपनी है। यह देश के अहम लाइटिंग, फैन और किचन एप्लायंसेज ब्रांड्स को एंड-टू-एंड प्रोडक्ट सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। यह फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर मोटर्स बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसे 1093.75 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हुआ था जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 862.38 करोड़ रुपये था। वहीं समान अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 34.86 करोड़ रुपये से बढ़कर 39.15 करोड़ रुपये में पहुंच गया। सितंबर 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इस पर 102.42 करोड़ रुपये का नेट कर्ज था।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और रॉय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।