FMCG कंपनी Onest फंड जुटाने के लिए अपना IPO लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। इस आईपीओ के तहत 77 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों और निवेशकों द्वारा 32.5 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। Onest एफएमसीजी सेक्टर की कंपनी है। इसने अफ्रीका, मध्य पूर्व, लैटिन, SAARC, ASEAN और CIS देशों में मौजूदगी के साथ मार्च 2023 तक 57 से अधिक देशों में अपने प्रोडक्ट्स निर्यात किए हैं।
कंपनी में 84.46 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाले फाउंडर और प्रमोटर पवन कुमार गुप्ता OFS रूट के जरिए 26.64 लाख शेयर बेचेंगे। इसके अलावा, ग्लेनट्रेड डीएमसीसी द्वारा OFS के जरिए 4.68 लाख शेयरों की बिक्री की जाएगी। दुबई स्थित ग्लेनट्रेड डीएमसीसी के पास Onest में 7.39 फीसदी शेयर हैं, जो B2B2C और B2B कस्टमर्स को होम केयर और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स, फूड प्रोडक्ट्स और हाउसहोल्ड प्रोडक्ट्स प्रोवाइड करती है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
इश्यू खर्चों को छोड़कर फ्रेश इश्यू से होने वाली अधिकांश आय का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा इंक्रीमेंटल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा। मोनार्क नेटवर्थ कैपिटल और यूनिस्टोन कैपिटल को आईपीओ के लिए मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया गया है।
कंपनी ने हाल ही में अपनी सब्सडियरी कंपनी Onest EasyLife LLP के माध्यम से प्रोडक्ट्स की विस्तृत रेंज के साथ डोमेस्टिक मार्केट में एंट्री की है। Onest ने FY21-FY23 के दौरान ऑपरेशन से अपना राजस्व 69.55 फीसदी की CAGR से बढ़ाया है। यह प्राइवेट लेबलिंग के बिजनेस में भी लगी हुई है और इसका मकसद अमेरिका जैसे विकसित देशों और यूरोपीय बाजारों में अपने आप को स्थापित करना है।
मार्च FY23 को समाप्त वर्ष में मुनाफा पिछले वर्ष की तुलना में 227 फीसदी बढ़कर 8 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, इसी अवधि के दौरान EBITDA 191 फीसदी बढ़कर 10.65 करोड़ रुपये हो गया, जिसमें सालाना 238 बेसिस प्वाइंट का मार्जिन विस्तार था।