Gopal Snacks IPO : एफएमसीजी कंपनी गोपाल स्नैक्स का आईपीओ दूसरे दिन तक पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। यह इश्यू 6 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। निवेशकों के पास इसमें 11 मार्च तक निवेश का मौका है। इस बीच ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों को लेकर कोई खास हलचल नहीं दिख रही है। सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक यह इश्यू 1.40 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसे कुल 1.67 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई है, जबकि ऑफर पर 1.19 करोड़ शेयर हैं। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 650 करोड़ रुपये जुटाने का है।
Gopal Snacks IPO : क्या कह रहा है ग्रे मार्केट
ग्रे मार्केट में गोपाल स्नैक्स के आईपीओ को लेकर कोई खास क्रेज नहीं है। आज 10 मार्च को यह इश्यू 24 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 425 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 6 फीसदी का मुनाफा होगा। हालांकि, ग्रे मार्केट में स्थिति लगातार बदलते रहती है। कुछ दिनों पहले यह आईपीओ ग्रे मार्केट में 30 फीसदी से अधिक प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। जो कि घटते-घटते 6 फीसदी पर आ गया है।
Gopal Snacks IPO : सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
सब्सक्रिप्शन की बात करें तो क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) के हिस्से को अब तक 0.09 गुना ही सब्सक्रिप्शन मिला है। नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.63 गुना गुना भरा है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्से को 2.01 गुना सब्सक्राइब किया गया है। वहीं, एम्प्लॉयी के लिए रिजर्व हिस्सा 3.22 गुना भरा है। इस तरह यह कुल मिलाकर 1.40 गुना सब्सक्राइब हो गया है।
Gopal Snacks IPO से जुड़ी डिटेल
इसके लिए 381-401 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर होगी। यह कंपनी देशी और विदेशी, दोनों बाजारों के लिए एथनिक और वेस्टर्न स्नैक्स बनाती है और ब्रोकरेज को इसमें ग्रोथ की काफी गुंजाइश दिख रही है। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी किया गया है। यानी 650 करोड़ रुपये का यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का है। इस आईपीओ में 11 मार्च तक निवेश का मौका रहेगा। इस इश्यू में 381-401 रुपये के प्राइस बैंड और 37 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। कंपनी के एंप्लॉयीज को हर शेयर पर 38 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा।
इश्यू का 50 फीसदी क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 35 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 15 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 12 मार्च को फाइनल होगा और फिर BSE, NSE पर 14 मार्च को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम है।
वर्ष 1999 में बनी गोपाल स्नैक्स एथनिक और वेस्टर्न स्नैक्स बेचती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसकी सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 21.12 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में उछलकर 41.54 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में यह 112.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 11 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 1,398.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में इसे 55.57 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 677.97 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।