Happy Forgings IPO : हैप्पी फोर्जिंग्स का आईपीओ 19 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी ने इसके लिए 808-850 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। यह आईपीओ 21 दिसंबर को बंद हो जाएगा। कंपनी का इरादा इश्यू से 1,008.59 करोड़ रुपये जुटाने का है। प्राइस बैंड की घोषणा के बाद इश्यू के ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP में उछाल देखने को मिला है। एंकर निवेशक 18 दिसंबर को बोली लगा सकेंगे।
ग्रे मार्केट में बढ़ा क्रेज
आईपीओ खुलने से पहले ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों की जबरदस्त डिमांड दिख रही है। आज 14 दिसंबर को अनलिस्टेड मार्केट में यह इश्यू 450 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 1300 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को करीब 53 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा।
IPO के तहत 400 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों की ओर से 71.6 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर पारितोष कुमार गर्ग (HUF) 49.2 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे और शेष 22.4 लाख शेयर इनवेस्टर इंडिया बिजनेस एक्सीलेंस फंड-III द्वारा बेचे जाएंगे। वर्तमान में कंपनी में प्रमोटर्स की 88.24 प्रतिशत हिस्सेदारी है और बाकी शेयर इनवेस्टर इंडिया बिजनेस एक्सीलेंस फंड-III के पास हैं।
कंपनी IPO से होने वाली कमाई में से 171.1 करोड़ रुपये का इस्तेमाल इक्विपमेंट, प्लांट और मशीनरी की खरीद के लिए करेगी। इसके अलावा, फंड से 152.76 करोड़ रुपये का कर्ज भी चुकाया जाएगा। इसके अलावा, शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए अलग रखी जाएगी।
पंजाब स्थित हैप्पी फोर्जिंग्स मुख्य रूप से ऑटोमोटिव, ऑफ-हाइवे व्हीकल, तेल और गैस, पावर जनरेशन, रेलवे और विंड टरबाइन इंडस्ट्री जैसे कई सेक्टर्स में घरेलू और ग्लोबल ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स को सर्विस प्रोवाइड करती है। इसके ग्राहकों में AAM इंडिया मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन, अशोक लीलैंड, बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशन, इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स, जेसीबी इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मेरिटर हैवी व्हीकल सिस्टम्स कैमरी एसपीए, एसएमएल इसुजु, स्वराज इंजन, टाटा कमिंस, वॉटसन एंड चालिन इंडिया और यानमार इंजन मैन्युफैक्चरिंग इंडिया शामिल हैं।