एचडी फायर प्रोटेक्ट की शेयर बाजारों में धमाकेदार एंट्री हो सकती है। शेयर सोमवार यानी 21 अक्तूबर को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होंगे। कंपनी के आईपीओ को इनवेस्टर्स का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। यह इश्यू 131.70 गुना सब्सक्राइब हुआ था। यह आईपीओ 15 अक्तूबर को बंद हुआ था।
प्रति शेयर 65 रुपये का जीएमपी
ग्रे मार्केट प्रीमियम ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म इनवेस्टरगेन के मुताबिक, 19 अक्तूबर को एचडी फायर प्रोटेक्ट का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) प्रति शेयर 65 रुपये चल रहा था। इसका मतलब है कि 271 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले यह शेयर 336 रुपये पर लिस्ट हो सकता है। इससे इनवेस्टर्स को करीब 24 फीसदी लिस्टिंग गेन हो सकता है।
QIB ने दिखाई ज्यादा दिलचस्पी
यह बात ध्यान में रखना जरूरी है कि जीएमपी से किसी शेयर को लेकर मार्केट सेंटीमेंट का सिर्फ पता चलता है। यह शेयर के एक्चुअल लिस्टिंग प्राइस की गारंटी नहीं है। कंपनी का आईपीओ 712.31 करोड़ रुपये का था। इस इश्यू में सबसे ज्यादा दिलचस्पी क्वालिफायड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने दिखाई थी। कंपनी के शेयर सोमवार यानी 21 अक्तूबर को बीएसई और एनएसई दोनों में लिस्ट होंगे।
30% तक के प्रीमियम पर लिस्टिंग
ब्रोकरेज फर्म कांतिलाल छगनलाल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट महेश एम ओझा का मानना है कि एचडी फायर प्रोटेक्ट के शेयर की लिस्टिंग 25-30 फीसदी प्रीमियम पर हो सकती है। उनका कहना है कि यह शेयर लंबी अवधि के निवेश के लिए अच्छा है। इसकी कई वजहें हैं। कंपनी की मार्केट में मजबूत पोजीशन है। विदेश में भी कंपनी की अच्छी मौजूदगी है। प्रोडक्ट पोर्टफोलियो काफी डायवर्सिफायड है। कंपनी ऐसे बिजनेस में है, जिसमें एंट्री आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन निवेशकों को आईपीओ में शेयर एलॉट हुए हैं, वे लंबी अवधि के लिहाज से अपना निवेश बनाए रख सकते हैं।
नए निवेशक कर सकते हैं इंतजार
पॉकेटफुल के फाउंडर सर्वम गोयल का भी मानना है कि यह शेयर 20-30 फीसदी लिस्टिंग गेंस के साथ शेयर बाजार में एंट्री कर सकता है। उन्होंने कहा कि जिन निवेशकों को आईपीओ में शेयर एलॉट नहीं हुए हैं, वे एंट्री के लिए लिस्टिंग के बाद वैल्यूएशन स्टैबलाइज होने तक इंतजार कर सकते हैं। चूंकि, इस आईपीओ को इनवेस्टर्स को जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला था, जिससे बड़ी संख्या में निवेशकों को शेयर एलॉट नहीं हुए होंगे।
कंपनी की बाजार में स्ट्रॉन्ग पोजीशन
एचडी फायर प्रोटेक्ट फायर प्रोटेक्शन इक्विपमेंट की डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई करती है। यह इंडट्रियल, कमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल कस्टमर्स के लिए इंटिग्रेटेड फायर सेफ्टी सिस्टम भी सप्लाई करती है। इसके प्रोडक्ट्स में स्प्रिंकलर्स, वॉल्व, फोम आधारित फायरफाइटिंग इक्विपमेंट और फायर डिटेक्शन सिस्टम शामिल हैं।