Swiggy IPO: ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी के आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला और अब इसके शेयरों के अलॉटमेंट का इंतजार है। जिन्हें इसके शेयर मिलेंगे, उनके डीमैट खाते में यह 12 नवंबर तक दिखने लगेगा और जिन्हें नहीं अलॉट हो पाएगा, उनके पैसे भी 12 नवंबर तक रिफंड हो जाएंगे। अब लिस्टिंग की बात करें तो ग्रे मार्केट से फीका सिग्नल मिल रहा है। ग्रे मार्केट में इसके शेयर आईपीओ के अपर प्राइस बैंड से महज 1 रुपये यानी 0.26% की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। इससे शेयरों की फीकी लिस्टिंग के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी की कारोबारी सेहत और लिस्टिंग के दिन मार्केट की परिस्थिति पर निर्भर रहेगा। शेयरों की BSE, NSE पर 13 नवंबर को एंट्री होगी।
अब अलॉटमेंट की बात करें तो इसका ऐलान होने के बाद अपने एप्लीकेशन का स्टेटस या तो बीएसई की वेबसाइट पर या रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम की वेबसाइट पर देख सकते हैं जिसका पूरा स्टेपवाइज प्रोसेस नीचे दिया जा रहा है।
BSE की साइट पर ऐसे करें चेक
इश्यू टाइप 'Equity' चुनें। इश्यू नाम Swiggy चुनें।
एप्लीकेशन नंबर या पैन भरें।
फिर I'm not a robot पर क्लिक करें।
शेयरों का अलॉटमेंट स्टेटस स्कीन पर दिखने लगा कि कितने शेयर अलॉट हुए।
रजिस्ट्रार की साइट पर ऐसे करें स्टेटस चेक
सेलेक्ट कंपनी पर क्लिक करके Swiggy चुनें।
पैन, एप्लीकेशन नंबर, डीपी/क्लाइंट आईडी, अकाउंट नंबर/IFSC में से कोई भी चुनें। फिर जो विकल्प चुना है, उसके मुताबिक डिटेल्स दें। जैसे कि पैन चुना है तो पैन भरें।
शेयरों का अलॉटमेंट स्टेटस स्कीन पर दिखने लगा कि कितने शेयर अलॉट हुए।
Swiggy IPO: नए शेयरों और ऑफर फॉर सेल का मिक्स था इश्यू
हुंडई मोटर के 27,870 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड आईपीओ के बाद स्विगी का आईपीओ इस साल का दूसरा सबसे आईपीओ था। स्विगी के ₹11,327.43 करोड़ के आईपीओ में निवेशकों ने 6-8 नवंबर तक ₹371-₹390 के प्राइस बैंड और 38 शेयरों के लॉट में पैसे लगाए। एंप्लॉयीज को हर शेयर पर 25 रुपये का डिस्काउंट मिला है। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और हर कैटेगरी के लिए आरक्षित हिस्सा पूरा नहीं भरा था। ओवरऑल यह 3.59 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 6.02 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.41 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.14 और एंप्लॉयीज का हिस्सा 1.65 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत 4,499.00 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 17,50,87,863 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हुई है। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से कंपनी 164.8 करोड़ रुपये से अपनी सब्सिडयिरी Scootsy का कर्ज हल्का करेगी। 1,178.7 करोड़ रुपये से डार्क स्टोर नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा, 703.4 करोड़ रुपये तकनीक और क्लाउड इंफ्रा में लगाए जाएंगे, 1115.3 करोड़ रुपये ब्रांड मार्केटिंग और बिजनेस प्रमोशन पर खर्च होंगे। बाकी पैसों का इस्तेमाल अधिग्रहण और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
स्विगी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में इसका घाटा 4,179.3 करोड़ रुपये से गिरकर 2,350.2 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 36 फीसदी बढ़कर 11,247.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष की बात करें तो जून तिमाही में कंपनी का घाटा सालाना आधार पर 564 करोड़ रुपये से बढ़कर 611 करोड़ रुपये पर पहुंच गया लेकिन रेवेन्यू 35 फीसदी बढ़कर 3,222.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।