Innova Captab IPO : फार्मास्युटिकल फर्म इनोवा कैपटैब के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 29 दिसंबर को होने वाली है। यह मौजूदा कैलेंडर ईयर की अंतिम मेनबोर्ड लिस्टिंग होगी। एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि कंपनी के शेयरों की शेयर बाजार में मजबूत लिस्टिंग होगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग पर 25 फीसदी का मुनाफा हो सकता है। कंपनी को मजबूत सब्सक्रिप्शन नंबर, हेल्दी फाइनेंशियल परफॉर्मेंस, लीडिंग फार्मा कंपनियों के साथ लॉन्ग टर्म रिलेशनशिप और मजबूत ब्रांड इमेज से सपोर्ट मिलने का अनुमान है।
स्टॉक्सबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट प्रथमेश मस्देकर ने कहा, "हमें उम्मीद है कि स्टॉक 448 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से करीब 25 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट होगा।" उनका मानना है कि मजबूत ब्रांड इमेज, लॉन्ग टर्म रिलेशनशिप और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ चल रहे लगातार जुड़ाव ने कंपनी को अपने प्रोडक्ट्स ऑफरिंग और जियोग्रॉफिक रीच का विस्तार करने में मदद की है।
इंडसेक सिक्योरिटीज में इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के वाइस प्रेसिडेंट सरल सेठ ने कहा, "इनोवा कैपटैब 488-490 रुपये (448 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले) पर लिस्ट हो सकती है, जो 52x का PE यानी पियर्स की तुलना में महंगा वैल्यूएशन होगा।"
इनोवा कैपटैब खुद के और सब्सिडियरी कंपनी UML के लोन चुकाने के लिए 168 करोड़ रुपये और वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए 72 करोड़ रुपये का उपयोग करने जा रही है। शेष आय सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए रखी जाएगी।
इनोवा कैपटैब के ग्रे मार्केट प्रीमियम में गिरावट आई है। आज 28 दिसंबर को कंपनी के शेयर 35 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से शेयरों की लिस्टिंग 483 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 7.81 फीसदी का मुनाफा होगा। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही यह स्टॉक करीब 35 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था।
निवेशकों ने जमकर लगाया है दांव
570 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 21-26 दिसंबर के दौरान निवेशकों ने जमकर निवेश किया है। इसे कुल 55.26 गुना सब्सक्राइब किया गया है। सभी निवेशकों ने इस इश्यू को मजबूत सपोर्ट किया है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के आरक्षित हिस्से को 116.73 गुना, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल का हिस्सा 64.95 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 17.15 गुना सब्सक्राइब हुआ है।