हिमाचल प्रदेश स्थित फार्मा कंपनी इनोवा कैपटैब अपना आईपीओ (Innova Captab IPO) 21 दिसंबर को लेकर आ रही है। इसके लिए प्राइस बैंड 426-448 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। कंपनी फिनिश्ड डोज फॉर्म्युलेशंस बनाती है। इसकी योजना पब्लिक इश्यू से 570 करोड़ रुपये जुटाने की है। आईपीओ में बोली लगाने का मौका 26 दिसंबर तक रहेगा। एंकर इनवेस्टर्स 20 दिसंबर को बोली लगा सकेंगे। आईपीओ में 320 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से 250 करोड़ रुपये का OFS (Offer for Sale) रहेगा।
कंपनी के प्रमोटर मनोज कुमार लोहारीवाला और उनके भाई विनय कुमार लोहारीवाला ओएफएस में 19.53 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे। प्रमोटर्स के अलावा पब्लिक शेयरहोल्डर्स में से एक जियान प्रकाश अग्रवाल, ओएफएस में 16.74 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे।
प्री-IPO प्लेसमेंट से कितने जुटाए
इनोवा कैपटैब ने पहले ही प्री-आईपीओ प्लेसमेंट में 448 रुपये प्रति शेयर पर 30 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इसके अलावा क्यूमुलेटिव कंपल्सरिली कनवर्टिबल प्रिफरेंस (सीसीपीएस) शेयरों के माध्यम से 354 रुपये प्रति सीसीपीएस पर 50 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। इसके साथ प्री-आईपीओ प्लेसमेंट में कुल फंड रेजिंग 80 करोड़ रुपये रही। यह CCPS को 1 दिसंबर 2023 को 14,12,430 इक्विटी शेयरों में कनवर्ट कर दिया गया।
कितना हिस्सा रखा है रिजर्व
इनोवा कैपटैब के आईपीओ का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 प्रतिशत उच्च नेटवर्थ वाले व्यक्तियों के लिए और शेष 35 प्रतिशत हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए रिजर्व किया गया है। निवेशक मिनिमम 33 इक्विटी शेयरों के लॉट में बोली लगा सकते हैं। आईपीओ के लिए ICICI Securities और JM Financial बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
अक्टूबर 2023 तक 457.7 करोड़ की उधारी
Innova Captab भारतीय फार्मा कंपनियों को CDMO सर्विसेज और प्रोडक्ट उपलब्ध कराती है। CDMO यानि कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशन। CDMO, न केवल ड्रग सब्सटेंस की आउटसोर्स मैन्युफैक्चरिंग को संभालते हैं, बल्कि मैन्युफैक्चरिंग से पहले होने वाले सभी इनोवेशन और विकास कार्यों को भी देखते हैं। इनोवा कैपटैब CDMO बिजनेस के अलावा जेनेरिक्स के बिजनेस में भी है।
आईपीओ में नए शेयरों को जारी करके हुई कमाई में से कंपनी 168 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में, 72 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने में और बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। अक्टूबर 2023 तक इनोवा कैपटैब पर सुरक्षित उधारी 457.7 करोड़ रुपये की थी। वहीं इसकी सहायक कंपनी यूनीवेंटिस मेडिकेयर (यूएमएल) पर उधारी 175 करोड़ रुपये थी।