Innova Captab IPO : 21 दिसंबर को खुलेगा 570 करोड़ का इश्यू, प्राइस बैंड, रिस्क फैक्टर्स समेत तमाम डिटेल

Innova Captab IPO : आईपीओ से होने वाली आय के जरिए हेल्थकेयर कंपनी बद्दी में अपनी दो फैसिलिटी के लिए 168 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाएगी। कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए 72 करोड़ रुपये आवंटित करेगी और शेष फंड का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा

अपडेटेड Dec 18, 2023 पर 5:51 PM
फार्मा कंपनी Innova Captab का आईपीओ 21 दिसंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

Innova Captab IPO : हिमाचल प्रदेश स्थित फार्मा कंपनी Innova Captab का आईपीओ 21 दिसंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 570 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस आईपीओ के तहत 320 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 250 करोड़ रुपये के 56 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के तहत होगी। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 20 दिसंबर को एक दिन के लिए खुलेगा। निवेशकों के पास इसमें 26 दिसंबर तक निवेश का मौका होगा।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

कंपनी ने इश्यू के लिए 426-448 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर मनोज कुमार लोहारीवाला और उनके भाई, विनय कुमार लोहारीवाल 19.53 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे। इसके अलावा, पब्लिक शेयरहोल्डर जियान प्रकाश अग्रवाल 16.74 लाख शेयर बेचेंगे।


निवेशक कम से कम 33 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,058 रुपये का निवेश करना होगा।

ICICI सिक्योरिटीज और जेएम फाइनेंशियल इस इश्यू के लिए मर्चेंट बैंकर के रूप में कार्य कर रहे हैं, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज ऑफर के रजिस्ट्रार हैं। इनोवा कैपटैब स्टॉक 29 दिसंबर 2023 को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने वाला है।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

आईपीओ से होने वाली आय के जरिए हेल्थकेयर कंपनी बद्दी में अपनी दो फैसिलिटी के लिए 168 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाएगी। कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए 72 करोड़ रुपये आवंटित करेगी और शेष फंड का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

ये हैं रिस्क फैक्टर्स

कंपनी अपने कच्चे माल की सप्लाई के लिए चीन, चीन SEZ और हांगकांग पर निर्भर है। ग्रेटर चीन में पॉलिटिकल, इकोनॉमिक और सोशल कंडीशन के कारण किसी भी दिक्कत से इनोवा कैपटैब को नुकसान हो सकता है।

कच्चे माल की सप्लाई में कोई भी कमी या इसकी कीमतों में वृद्धि उत्पादों के प्राइसिंग और सप्लाई, ऑपरेशन के रिजल्ट और फाइनेंशियल कंडीशन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।

कंपनी थर्ड पार्टी के ट्रांसपोर्टेशन और लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर्स पर निर्भर है। इन एंटिटीज द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के शुल्क में कोई भी वृद्धि बिजनेस, ऑपरेशन और फाइनेंशियल कंडीशन में बाधा डाल सकती है।

कंपनी के बारे में

इनोवा कैपटैब रिसर्च और डेलवपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन, मार्केटिंग और एक्सपोर्ट को शामिल करते हुए पूरे फार्मास्युटिकल वैल्यू चेन का विस्तार कर रहा है। फार्मा कंपनी ने FY21-FY23 के दौरान 50.2 फीसदी की CAGR से रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है, जो मार्च FY23 में समाप्त वर्ष में 926.4 करोड़ रुपये हो गई। इसी अवधि के दौरान CDMO बिजनेस 35.36 फीसदी की CAGR से बढ़कर FY23 में 679.6 करोड़ रुपये हो गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।