दिसंबर के पहले हफ्ते में निवेशकों को दो आईपीओ में पैसा लगाने का मौका मिलेगा। मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) और मातंगी रबर अगले महीने की शुरुआत में आईपीओ लॉन्च करने जा रही हैं। आईपीओ से आने वाले पैसे का इस्तेमाल दोनों कंपनियां कारोबार के विस्तार और वर्किंग कैपिटल से जुड़ी जरूरतें पूरी करने के लिए करेंगी। दोनों कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई दोनों में लिस्ट होंगे।
मातंगी रबर का आईपीओ 1 दिसंबर को खुलेगा
Matangi Rubber का IPO 1 दिसंबर को खुलेगा। यह 3 दिसंबर को बंद होगा। Monomark Engineering का IPO 2 दिसंबर से 4 दिसंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा।
फूडलिंक का इश्यू 26 नवंबर को खुलेगा
लग्जरी फूड सर्विसेज सेगमेंट की कंपनी Foodlink F&B Holdings (India) का IPO 26 नवंबर को खुलेगा। प्राइवेट इक्विटी फर्म Everstone Capital के निवेश वाली मेडिकल टेक्नोलॉजी कंपनी Integris Medtech 27 नवंबर को अपना पब्लिक इश्यू लॉन्च करेगी।
मोनोमार्क आईपीओ सिर्फ नए शेयर इश्यू करेगी
इंडस्ट्रियल सर्विसेज सेक्टर में काम करने वाली Monomark Engineering का IPO पूरी तरह से फ्रेश इश्यू होगा। इसके तहत कंपनी 2.70 करोड़ तक इक्विटी शेयर जारी करेगी। इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा। इसका मतलब है कि कंपनी के प्रमोटर्स आईपीओ में अपने शेयर नहीं बेचेंगे।
कोरोबार के विस्तार के लिए होगा पैसे का इस्तेमाल
मोनोमार्क इंजीनियरिंग IPO से मिलने वाले पैसे में से 120 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा। यह कंपनी देश के सात राज्यों में कारोबार करती है। इसमें केंद्रशासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव भी शामिल हैं। कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबार के अवसर तलाशने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में Monomark Engineering FZE नाम से एक सब्सिडियरी भी बनाई है।
मातंगी के आईपीओ में ओएफएस भी शामिल होगा
मातंगी रबर के आईपीओ में फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) दोनों शामिल होंगे। इसके तहत कंपनी 57.62 लाख तक नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। वहीं, प्रमोटर और मौजूदा शेयरधारक 15.15 लाख तक शेयर OFS के जरिए बेचेंगे। OFS में प्रमोटर ग्रुप की कंपनी Vandana Rubber and Chemicals Pvt Ltd 13.63 लाख शेयर बेचेगी। इसके अलावा Anju Khanna, Priyanka Khanna, Pratyush Handaa और प्रमोटर Radhika Gupta भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
मातंगी भिंड में लगा रही है दो नए प्लांट्स
मातंगी रबर IPO से मिलने वाली रकम में से 45 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मौजूदा कर्ज के भुगतान या प्रीपेमेंट के लिए करेगी। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के भिंड में दो नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने की योजना है। इनमें 19.06 करोड़ रुपये रबर रीसाइक्लिंग प्रोडक्ट्स बनाने वाली ग्रीनफील्ड यूनिट पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, 8.44 करोड़ रुपये सॉलिड टायर बनाने वाली नई यूनिट स्थापित करने में लगाए जाएंगे। बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।