मेनबोर्ड सेगमेंट में मतांगी रबर का ₹125.16 करोड़ का IPO 1 दिसंबर को खुलने जा रहा है। इसमें 3 दिसंबर तक पैसे लगाए जा सकेंगे। IPO के लिए प्राइस बैंड ₹163-₹172 प्रति शेयर तय किया गया है। लॉट साइज 87 शेयर है। IPO में ₹99.10 करोड़ के 57.62 लाख नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹26.06 करोड़ के 15.15 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS में कंपनी के प्रमोटर वंदना रबर एंड केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, राधिका गुप्ता और कुछ शेयरहोल्डर शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। IPO बंद होने के बाद अलॉटमेंट 4 दिसंबर को फाइनल हो सकता है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 8 दिसंबर को लिस्ट होने की उम्मीद है।
मतांगी रबर लिमिटेड टायर, टायर फ्लैप, टायर ट्यूब और रबर कंपाउंड बनाने का काम करती है। यह मुख्य रूप से टूव्हीलर और थ्रीव्हीलर टायर सेगमेंट को कवर करती है। इसके टायर फ्लैप और ट्यूब का इस्तेमाल ट्रक, बस और हैवी यूटिलिटी व्हीकल्स जैसे कमर्शियल व्हीकल्स में किया जाता है। कंपनी तीन बिजनेस मॉडल के जरिए काम करती है: मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री, कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग, और जॉब वर्क सर्विसेज। अपने 'मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री' मॉडल के तहत, यह अपने खुद के ब्रांड नेम से टायर ट्यूब बनाती और बेचती है।
कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग के तहत, यह मुख्य रूप से ग्राहकों के लोगो वाले कस्टमाइज्ड टायर फ्लैप बनाती है। वहीं, जॉब वर्क सर्विसेज में यह ग्राहकों द्वारा दिए गए कच्चे माल (रॉ मैटेरियल) को टायर, टायर फ्लैप और ट्यूब में बदलती है, जिसके बदले में यह कन्वर्जन चार्ज लेती है। कंपनी रबर कंपाउंड भी बनाती है, जिनका इस्तेमाल अन्य रबर उत्पादों को बनाने में किया जाता है।
IPO में कितना हिस्सा रिजर्व
Matangi Rubber IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। इस पब्लिक इश्यू के लिए सारथी कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार Bigshare Services है।
कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए, मध्य प्रदेश के भिंड में रबर रिसाइक्लिंग प्रोडक्ट्स और सॉलिड टायर्स के लिए 2 नए प्लांट लगाने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
मतांगी रबर का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू ₹47.93 करोड़ रहा। शुद्ध मुनाफा ₹6.42 करोड़ दर्ज किया गया। इस बीच कंपनी पर ₹108.91 करोड़ की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान रेवेन्यू आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर ₹132.22 करोड़ हो गया। शुद्ध मुनाफा 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹22.33 करोड़ रहा। वित्त वर्ष 2025 में मतांगी रबर का रेवेन्यू ₹106.30 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹20 करोड़ रहा था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।