लग्जरी केटरिंग सर्विसेज देने वाली फूडलिंक F&B होल्डिंग्स इंडिया का IPO 26 नवंबर को खुलने वाला है। इसके लिए प्राइस बैंड ₹181-₹191 प्रति शेयर तय हुआ है। लॉट साइज 78 शेयर है। कंपनी में प्लूटस वेल्थ मैनेजमेंट के अर्पित खंडेलवाल का भी पैसा लगा हुआ है। इश्यू का साइज ₹360.76 करोड़ है। इसमें ₹192 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही प्रमोटर संजय मनोहर वजीरानी, शेयरहोल्डर अर्पित खंडेलवाल और कुछ अन्य शेयरहोल्डर्स की ओर से 88.35 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा।
IPO 30 नवंबर को बंद होगा। उसके बाद अलॉटमेंट 1 दिसंबर को फाइनल होगा। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 3 दिसंबर को लिस्ट हो सकते हैं। इश्यू के लिए इक्विरस कैपिटल लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG इनटाइम इंडिया है। एंकर निवेशक 25 नवंबर को बोली लगा सकेंगे।
फूडलिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट्स और क्लाउड किचन भी चलाती है। कंपनी शादी, सामाजिक समारोह, कॉर्पोरेट इवेंट्स और अन्य बड़े आयोजनों के लिए कैटरिंग सर्विसेज प्रदान करती है। इसके रेस्टोरेंट पोर्टफोलियो में चाइना बिस्ट्रो, इंडिया बिस्ट्रो, ग्लोकल और आर्ट ऑफ दम जैसे ब्रांड शामिल हैं। कंपनी की UAE में एक अंतरराष्ट्रीय सब्सिडियरी भी है। फूडलिंक के भारत में 6 सेंट्रलाइज्ड किचन और 3 बैंक्वेट हैं। एक सेंट्रलाइज्ड किचन दुबई में है। इसके भारत में 10 और दुबई में 7 कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट हैं। JADE लग्जरी बैंक्वेट चेन इसी की है।
IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल
Foodlink F&B Holdings (India) अपने पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाली कमाई का इस्तेमाल 2 प्रपोज्ड सेंट्रलाइज्ड किचन सेट अप करने के लिए, मैटीरियल सब्सिडियरी FGRCS में निवेश के लिए, अपना और FGRCS का कर्ज चुकाने के लिए, प्रपोज्ड बैंक्वेट्स सेट अप करने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। IPO में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।
सितंबर 2026 तक फूडलिंक F&B होल्डिंग्स पर कुल ₹25.3 करोड़ का बकाया कर्ज था। अप्रैल-सितंबर 2026 में कंपनी का रेवेन्यू ₹219.8 करोड़ रहा। साथ ही इसने ₹16.15 करोड़ का घाटा दर्ज किया। वित्त वर्ष 2025-26 में मुनाफा 104.1% बढ़कर ₹29.1 करोड़ हो गया। रेवेन्यू 25.9% बढ़कर ₹567.5 करोड़ हो गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।