IPO निवेशकों के लिए नया साल यानी 2024 भी शानदार साबित हो सकता है। दरअसल, इस साल भी कई कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में निवेशकों को इस साल भी निवेश के भरपूर मौके मिलेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 27 कंपनियों को कुल 28,500 करोड़ रुपये का फंड जुटाने के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा, अन्य 36 कंपनियों को कुल 40,500 करोड़ रुपये जुटाने के लिए सेबी की मंजूरी का इंतजार है।
प्राइम डेटाबेस ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रणव हल्दिया ने कहा, "अगले कुछ महीनों में आम चुनाव के कारण रोक से पहले कई आईपीओ लॉन्च होने चाहिए।" प्राइम डेटाबेस के अनुसार, इन 63 कंपनियों में से 3 नए जमाने की टेक कंपनियां (NATC) हैं। इसमें OYO, डिजिट इंश्योरेंस और फर्स्ट क्राई शामिल हैं, जो करीब 16,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती हैं।
2023 में कुल 57 फर्मों ने मेनबोर्ड आईपीओ के माध्यम से 49,434 करोड़ रुपये जुटाए, जो 2022 में 40 आईपीओ द्वारा जुटाए गए 59,302 करोड़ रुपये से 17 फीसदी कम है। हालांकि, 2022 के मेगा एलआईसी आईपीओ को छोड़ दें तो 2023 में आईपीओ जुटाव में 28 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
2023 का सबसे बड़ा और सबसे छोटा आईपीओ
2023 का सबसे बड़ा आईपीओ मैनकाइंड फार्मा (4,326 करोड़ रुपये) था, इसके बाद टाटा टेक (3,043 करोड़ रुपये) और जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर (2,800 करोड़ रुपये) थे। दूसरी ओर, सबसे छोटे आईपीओ उदयशिवकुमार इंफ्रा (66 करोड़ रुपये) और प्लाजा वायर्स (71 करोड़ रुपये) थे। पिछले साल एवरेज डील साइज 2022 में 1,483 करोड़ रुपये और 2021 में 1,884 करोड़ रुपये से काफी कम होकर 867 करोड़ रुपये हो गए।
रिटेल निवेशकों की बढ़ी भागीदारी
2023 में रिटेल निवेशकों ने आईपीओ में काफी दिलचस्पी दिखाई है। खुदरा निवेशकों के एप्लिकेशन की औसत संख्या 2022 में 5.66 लाख की तुलना में बढ़कर 13.21 लाख हो गई। टाटा ग्रुप के आईपीओ में रिटेल निवेशकों के सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। आंकड़ों के अनुसार, टाटा टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में रिटेल निवेशकों के 52.11 लाख आवेदन आए। इसके बाद पेंसिल कंपनी DOMS इंडस्ट्रीज में 41.30 लाख और क्रायोजेनिक टैंक निर्माता आईनॉक्स इंडिया में 37.34 लाख रिटेल निवेशकों के आवेदन आए।
2023 में एवरेज लिस्टिंग गेन 2022 में 11 फीसदी से बढ़कर 29 फीसदी हो गया। 57 आईपीओ में से 40 ने 10 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है। टाटा टेक ने 163 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया, उसके बाद आइडियाफोर्ज (93 प्रतिशत) और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक (92 प्रतिशत) का स्थान रहा। 57 में से 53 आईपीओ 46 फीसदी के एवरेज रिटर्न के साथ आईपीओ प्राइस से ऊपर कारोबार कर रहे हैं।
स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज सेगमेंट में 2023 में बड़े पैमाने पर उछाल देखा गया है। इस सेगमेंट 182 SME आईपीओ ने कुल 4,681 करोड़ रुपये एकत्र किए, जो 2022 में 109 आईपीओ से 1,875 करोड़ रुपये से 150 फीसदी अधिक है। सबसे बड़ा SME आईपीओ स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट (99.99 करोड़ रुपये) का था।