IPO : इस हफ्ते प्राइमरी मार्केट में कमाई के बेहतरीन मौके, Senco Gold समेत इन दिग्गज कंपनियों का आ रहा आईपीओ

इस हफ्ते भी Senco Gold के अलावा कई कंपनियां अपना SME आईपीओ लाने वाली हैं। पीकेएच वेंचर्स, ग्लोबल पेट इंडस्ट्रीज, Tridhya टेक और सिनोप्टिक्स टेक्नोलॉजीज के आईपीओ पहले ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुल चुके हैं और इस सप्ताह बंद हो जाएंगे

अपडेटेड Jul 02, 2023 पर 3:24 PM
पिछले कुछ समय में लगातार कई कंपनियों ने अपने आईपीओ लॉन्च किए हैं।

IPO : पिछले कुछ समय में लगातार कई कंपनियों ने अपने आईपीओ लॉन्च किए हैं और यह सिलसिला अगले हफ्ते भी जारी रहने वाला है। आने वाला हफ्ता एक बार फिर आईपीओ निवेशकों के लिए शानदार हो सकता है। दरअसल, इस हफ्ते Senco Gold के अलावा कई कंपनियां अपना SME आईपीओ लाने वाली हैं। पीकेएच वेंचर्स, ग्लोबल पेट इंडस्ट्रीज, Tridhya टेक और सिनोप्टिक्स टेक्नोलॉजीज के आईपीओ पहले ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुल चुके हैं और इस सप्ताह बंद हो जाएंगे। यहां हमने इन आईपीओ से जुड़ी पूरी डिटेल दी है।

Senco Gold IPO

ज्वेलरी कंपनी Senco Gold का आईपीओ 4 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इसमें 6 जुलाई तक निवेश किया जा सकेगा। इसके लिए 301-317 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। इच्छुक निवेशक 47 इक्विटी शेयरों में से कम से कम एक लॉट और 47 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। एंकर निवेशकों को आवंटन 3 जुलाई को किया जाएगा।


इस ऑफर में 270 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इक्विटी इश्यू और 135 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। OFS सेगमेंट के तहत, SAIF पार्टनर्स इंडिया IV शेयर बेचेगा। ऑफर का लगभग 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए और 35% रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित है।

PKH Ventures IPO

पीकेएच वेंचर्स का इनिशियल शेयर सेल एक मेनबोर्ड आईपीओ है जो 30 जून को खुला है। यह इश्यू 4 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने प्रति शेयर 140-148 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का इश्यू साइज 379 करोड़ रुपये है। नेट ऑफर का 50 फीसदी (179-189 करोड़ रुपये) क्यूआईबी हिस्से के लिए आरक्षित है। इसके अलावा, 15 फीसदी (54-57 करोड़ रुपये) NII के लिए आरक्षित है, जबकि 35 फीसदी (126-133 करोड़ रुपये) रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित है।

SME IPO

मेनस्ट्रीम आईपीओ के अलावा, SME की चार कंपनियां इस सप्ताह अपने पब्लिक इश्यू लाएंगी जिससे उन्हें लगभग 100 करोड़ रुपये मिलेंगे।

Alphalogic Industries IPO

अल्फालॉजिक इंडस्ट्रीज का आईपीओ 3 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। यह इश्यू 6 जुलाई को बंद होगा। आईपीओ पूरी तरह से 13.41 लाख इक्विटी शेयरों का एक फ्रेश इक्विटी इश्यू है, जो कुल मिलाकर 12.87 करोड़ रुपये तक है। कंपनी अपने शेयरों को 96 रुपये के प्राइस बैंड पर पेश करेगी और निवेशक 1 लॉट में 1200 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं।

ऑफर का लगभग 50 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए और शेष 50 फीसदी अन्य निवेशकों के लिए आरक्षित है। मार्च 2023 को समाप्त वर्ष के लिए, कंपनी ने 18.23 करोड़ रुपये का राजस्व और 2.19 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है।

Global Pet Industries

ग्लोबल पेट इंडस्ट्रीज का आईपीओ 28 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है। यह ऑफर 3 जुलाई को बंद हो जाएगा। इसका प्राइस बैंड 49 रुपये प्रति शेयर है। यह ऑफर 27 लाख शेयरों का फ्रेश इश्यू है और कंपनी लगभग 13 करोड़ रुपये कमाएगी। कंपनी दो-स्टेज PET स्ट्रेच ब्लो मोल्डिंग मशीनों का निर्माण और निर्यात करती है।

Tridhya Tech IPO

Tridhya Tech का आईपीओ 30 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला और 5 जुलाई को बंद होगा। Tridhya Tech फुल-सर्विस सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में लगी हुई है, जिसमें सभी आईटी सर्विसेज और रिसोर्स शामिल हैं। कंपनी अपने शेयरों को 35-42 रुपये की प्राइस रेंज में पेश कर रही है। अपर प्राइस बैंड पर कुल कमाई लगभग 26.4 करोड़ रुपये होगी।

Synoptics Technologies IPO

Synoptics Technologies का आईपीओ 30 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला और 5 जुलाई को बंद होगा। सिनोप्टिक्स टेक भी एक आईटी सर्विस कंपनी है जो ब्रांच से कनेक्टिविटी, नेटवर्क इक्विपमेंट की सप्लाई, इम्प्लीमेंटेशन और सपोर्ट जैसे आईटी इन्फ्रॉस्ट्रक्चर में सॉल्यूशन पेश करती है। कंपनी ने 237 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है, जिससे करीब 54 करोड़ रुपये मिलेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।